जयपुर

जयपुर: ‘ग्रेटर’ से पुनीत, तो ‘हेरिटेज’ से महेंद्र होंगे BJP के डिप्टी मेयर प्रत्याशी

संख्याबल के लिहाज़ से पुनीत का डिप्टी मेयर बनना लगभग तय माना जा रहा है तो वहीं महेंद्र ढलेत को किसी चमत्कार का इंतज़ार रहेगा।

जयपुरNov 11, 2020 / 10:54 am

Nakul Devarshi

जयपुर।
जयपुर की ग्रेटर और हेरिटेज की दोनों नगर निगमों के लिए भाजपा अपना डिप्टी मेयर प्रत्याशी उतार रही है। प्रदेश नेतृत्व ने ‘ग्रेटर’ से पार्षद पुनीत कर्नावट को जबकि ‘हेरिटेज’ से महेंद्र ढलेत को प्रत्याशी बनाने पर मुहर लगा दी। संख्याबल के लिहाज़ से पुनीत का डिप्टी मेयर बनना लगभग तय माना जा रहा है तो वहीं महेंद्र ढलेत को किसी चमत्कार का इंतज़ार रहेगा।
गौरतलब है कि कर्नावट पहली बार पार्षद बने हैं। उन्होंने दो से तीन बार चुनाव जीतकर आये पार्षदों को पीछे छोड़ दिया है। वहीं हेरिटेज में भाजपा ने एक तय रणनीति के अनुसार पूर्व चेयरमेन रहे महेंद्र ढलेत को डिप्टी मेयर प्रत्याशी बनाया है।
कर्नावट का डिप्टी मेयर बनना तय!
दरअसल, ग्रेटर में भाजपा का बोर्ड और मेयर बनने के स्थिति से ये भी लगभग तय है कि यहाँ डिप्टी मेयर भी इसी पार्टी का होगा। यही वजह है कि पार्टी के नवनिर्वाचित पार्षद इस पद को पाने के लिए वरिष्ठ नेताओं से लॉबिंग में कोई कसर नहीं छोड़ रहे थे।
ये भाजपा पार्षद भी थे दौड़ में
जयपुर ग्रेटर में डिप्टी मेयर प्रत्याशी के लिए भाजपा में पुनीत कर्णावट के नाम पर सहमति बनी है। लेकिन उनके साथ ही इस पद पर प्रत्याशी के लिए जितेन्द्र श्रीमाली, राखी राठौड़, हरीश शर्मा और दिनेश कांवट के नाम भी चर्चा में रहे। इसी तरह से जयपुर हेरिटेज में ढलेत के अलावा पूर्व उप महापौर मनीष पारीक और पार्षद विमल अग्रवाल का नाम भी चर्चा में रहे।

आज फिर ‘बाड़ों’ से निकलेंगे पार्षद
मेयर चुनाव के बाद भाजपा पार्षद आज फिर से होटलों में हुई बाडाबंदी से निकलकर निगम मुख्यालयों में पहुंचेंगे। संभावना है कि डिप्टी मेयर चुनने के बाद ‘बाडाबंदी’ ख़त्म हो जायेगी और सभी पार्षद अपने-अपने घरों की ओर लौट जायेंगे।

Home / Jaipur / जयपुर: ‘ग्रेटर’ से पुनीत, तो ‘हेरिटेज’ से महेंद्र होंगे BJP के डिप्टी मेयर प्रत्याशी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.