जयपुर

सीएम गहलोत बोले- केंद्र की गलत नीतियों से अर्थव्यवस्था डांवाडोल, बढ़ते अपराधों पर दी सफाई

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र की गलत नीतियों के कारण देश की अर्थव्यवस्था कमजोर हुई है।

जयपुरAug 15, 2019 / 11:49 am

Kamlesh Sharma

CM Ashok gehlot

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र की गलत नीतियों के कारण देश की अर्थव्यवस्था कमजोर हुई है। अर्थव्यवस्था डांवाडोल होती है तो इसका सीधा प्रभाव राज्यों पर पड़ता है। ऐसे में राज्य सरकारों का चिंतित होना स्वाभाविक है। एसएमएस स्टेडियम में आयोजित प्रदेश स्तरीय स्वाधीनता दिवस समारोह में प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा का नाम लिए बगैर उन पर तीखा प्रहार किया है।
उन्होंने कहा कि 100-100 उपग्रह एक साथ छोड़े जा रहे हैं, हर घर में बिजली पहुंच रही है और शिक्षा-चिकित्सा सेवाएं बेहतर हो रही है… यह अच्छी बात है, लेकिन यह सबकुछ 2014 के बाद ही संभव नहीं हुआ है। इन उपलब्धियों के पीछे अब तक की सभी सरकारों को योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह सरकार ने वैश्विक मंदी के दौर में नरेगा जैसी जनकल्याणकारी योाजना को लॉन्च किया, लेकिन मनमोहन सिंह और सोनियां गांधी की दूरदर्शी नीतियों के कारण देश के अर्थव्यवस्था को कोई आंच नहीं आई। उन्होंने कहा कि केंद्र की वर्तमान सरकार के जीएसटी और नोटबंदी के आनन-फानन में किए गए निर्णयों ने संकट बढ़ा दिया है।
मोदी पर निशाना
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजीव गांधी की कम्प्यूटर क्रांति का जिक्र करते हुए कहा कि राजीव गांधी जब कम्प्यूटर लाए थे, तब विरोध में प्रतिपक्ष के लोग बैलगाड़ी लेकर संसद पहुंच गए। कहने लगे राजीव गांधी का तो दिमाग खराब हो गया। उन्होंंने कहा कि आज देश में हर हाथ में मोबाइल है तो यह राजीव गांधी की देन है। उन्होंने कहा कि कम्प्यूटर का विरोध करने वाले आज सत्ता में है, वे गुमराह कर रहे हैं। धर्म-जाति की राजनीति से लोगों को भ्रमित किया जा रहा है।
भाजपा को दी चेतावनी
मुख्यमंत्री गहलोत ने इतिहास से छेड़छाड़ ठीक नहीं है। धर्म, राष्ट्रवाद और सेना के नाम पर चाहे जितना भ्रमित कर ले, लेकिन ऐसे लोगों अपना इतिहास नहीं बना सकते हैं। उन्होंने प्रदेश में प्रतिपक्ष से अपील की कि वे सरकार की खामियां बताएं, हम गलती सुधारने में शर्म नहीं गर्व महसूस करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी कमियां बताएं, धरना-प्रदर्शन करें, लेकिन हिंसा किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे।
बढ़ते अपराधों पर दी सफाई
प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर मुख्यमंत्री ने अपने उदबोधन में सफाई दी कि आंकड़ों को लेकर डरने की कोई जरूरत नहीं है। हमने हर फरियादी की प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए है। हो सकता है कि आने वाले समय में एफआईआर की संख्या और बढ़ जाए। उन्होंने कहा कि हमने पुलिस को पूरी छूट दी है कि वह कोई सिफारिश माने बिना अपना काम करे।
जनता की पुकार
मुख्यमंत्री गहलेात ने कहा कि जनता की पुकार पर राहुल गांधी ने मुझे तीसरी बार सेवा का मौका दिया है। उन्होंने कहा कि जवाबदेह और पारदर्शी सरकार देने की हमारी प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का ज्यादातर भाग रेगिस्तानी होने से सेवा पहुंचाने की लागत बढ़ जाती है। अच्छे मानसून की प्रदेशावासियों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि मानसून खुशियों का आधार है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.