जयपुर

राजस्थान: उपचुनाव मैदान में उतरने लगे BJP के ‘स्टार’, Vasundhara Raje को लेकर आई ये खबर

प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव, मतदान तारीख नज़दीक आने के साथ जोर पकड़ने लगा प्रचार अभियान, प्रदेश भाजपा के स्टार प्रचारकों ने थामी कमान, उतरने लगे फील्ड में, वोट मांगने उतरे पूनिया-मेघवाल-राठौड़, पार्टी पक्ष में बना रहे माहौल, वसुंधरा राजे कब और कहाँ-कहाँ करेंगे प्रचार? सस्पेंस बरकरार, पुडुचेरी से मेघवाल, तो बंगाल से लौटे राठौड़- अब प्रदेश में हुए सक्रीय, 30 नेता है स्टार प्रचारक, शेष नेता भी जल्द उतरेंगे मैदान में
 

जयपुरApr 08, 2021 / 11:29 am

Nakul Devarshi

जयपुर।

तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीख नज़दीक आने के साथ ही प्रचार अभियान ने जोर पकड़ लिया है। इसी बीच प्रदेश भाजपा के स्टार प्रचारकों ने भी फ़ील्ड में उतरकर कमान संभाल ली है। शेष रहे दिनों में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में वोट अपील करने से लेकर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने तक का दारोमदार अब इन्हीं स्टार प्रचारकों पर रहेगा।

 

गौरतलब है कि प्रदेश भाजपा ने उपचुनाव के मद्देनज़र 30 वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को स्टार प्रचारक बनाते हुए चुनाव कैम्पेनिंग की ज़िम्मेदारी दी है। इनमें राष्ट्रीय व प्रदेश पदाधिकारियों से लेकर केन्द्रीय मंत्री, सांसद और विधायकों को शामिल किया गया है।

 

मेघवाल-पूनिया-राठौड़ उतरे ‘मैदान’ में
प्रदेश भाजपा के स्टार प्रचारकों में शामिल केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, प्रदेशाध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया और विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ उपचुनाव क्षेत्रों में जारी प्रचार अभियानों में शामिल हो गए हैं। पूनिया जहां आज से सहाड़ा और राजसमन्द दौरे पर हैं तो वहीं मेघवाल और राठौड़ ने कल सुजानगढ़ प्रवास के दौरान पार्टी नेताओं के साथ रणनीतिक बैठकें भी कीं और जनसंपर्क कार्यक्रम में हिस्सा भी लिया।

 

मेघवाल पुडुचेरी से, तो राठौड़ बंगाल से लौटे
केंद्रीय राज्य मंत्री कैलाश मेघवाल एक लम्बे अंतराल बाद फिर से प्रदेश में पार्टी गतिविधियों को लेकर सक्रीय हो गए हैं। मेघवाल को केंद्रीय संगठन ने पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में चुनाव प्रभारी की महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी सौंपी थी। अब 6 अप्रैल को चुनाव संपन्न होने के बाद उन्होंने फिर से प्रदेश की सियासत में बागडोर संभाल ली है।

 

इसी तरह से उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ भी पिछले लगभग महीने भर तक पश्चिम बंगाल के चुनावी दौरे पर ही रहे। वे बंगाल के विभिन्न चुनावी क्षेत्रों में पार्टी के पक्ष में रणनीति बनाने और प्रचार अभियानों में शामिल रहे। अब प्रदेश वापसी के बाद उन्होंने भी उपचुनाव में सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। राठौड़ ने कल सुजानगढ़ में रहते हुए पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार किया।

 

इसी तरह से प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर भी पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर मिली ज़िम्मेदारी निभाने के बाद प्रदेश लौट आये हैं। उन्होंने भी बुधवार को विधानसभा उप-चुनाव क्षेत्र राजसमंद में बूथ अध्यक्ष और शक्तिकेन्द्र संयोजकों के सम्मेलन में हिस्सा लिया।


वसुंधरा राजे पर सस्पेंस बरकरार

प्रदेश भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी शामिल हैं। ऐसे में उपचुनाव क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने के लिए उन्हें भी फील्ड में उतरना होगा। हालांकि अभी तक उनके कार्यक्रम को लेकर स्थिति साफ़ नहीं हो सकी है। वे कब-कब और कहाँ-कहाँ प्रचार अभियान में उतरेंगी इसे लेकर पिछले दिनों भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने एक सवाल के जवाब में कहा था कि राजे से प्रचार अभियान में शामिल होने के लिए समय माँगा गया है। उसी आधार पर उनका कार्यक्रम तय किया जाएगा।

ये हैं प्रदेश भाजपा के स्टार प्रचारक
उपचुनाव में प्रदेश भाजपा के 30 स्टार प्रचारक हैं जिन्हें प्रचार अभियान की ज़िम्मेदारी संभालनी है। इनमें तीनों केन्द्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल और कैलाश चौधरी शामिल हैं। इनके साथ ही प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, सह प्रभारी भारती बेन, प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, सांसद भूपेंद्र यादव, ओम माथुर, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर और उप नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ शामिल हैं।

 

इनके अलावा वरिष्ठ नेता किशनलाल गुर्जर, राष्ट्रीय मंत्री अलका सिंह गुर्जर, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, अशोक परनामी, विधायक वासुदेव देवनानी, नारायण सिंह देवल, जोगेश्वर गर्ग, प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, मदन दिलावर, सुशील कटारा, सांसद दीया कुमारी, किरोड़ीलाल मीणा, राजेन्द्र गहलोत, कनकमल कटारा, सीपी जोशी सुभाष बहेड़िया, राहुल कस्वां और नारायण लाल पंचारिया को भी तीनों उपचुनाव में प्रचार करने की जिम्मेदारी दी गई है।

Home / Jaipur / राजस्थान: उपचुनाव मैदान में उतरने लगे BJP के ‘स्टार’, Vasundhara Raje को लेकर आई ये खबर

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.