जयपुर

राजस्थान में विकास की स्पीड बैलगाड़ी जैसी, अपराधियों की स्पीड बुलेट ट्रेन जैसी: अरुण सिंह

भाजपा के प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने दावा किया है कि राजस्थान में तीन सीटों पर हो रहे विधानसभा उपचुनाव में भाजपा का प्रदर्शन कांग्रेस से बेहतर होगा।

जयपुरApr 10, 2021 / 02:13 pm

Kamlesh Sharma

अरविन्द सिंह शक्तावत/जयपुर। भाजपा के प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने दावा किया है कि राजस्थान में तीन सीटों पर हो रहे विधानसभा उपचुनाव में भाजपा का प्रदर्शन कांग्रेस से बेहतर होगा। पार्टी तीनों सीटों पर जीतेगी। उन्होंने कहा, जनता कांग्रेस को क्यों वोट दे, यहां अपराधियों की स्पीड तो बुलेट ट्रेन जैसी है और विकास की स्पीड बैलगाड़ी की तरह है। भाजपा में गुटबाजी को पूरी तरह नकारते हुए उन्होंने कहा, यह सब मीडिया और सोशल मीडिया की देन है। पार्टी एकजुट है। वसुंधरा राजे चुनाव प्रचार में आना चाहती थीं लेकिन उनकी पुत्रवधू की तबीयत ज्यादा खराब है।पत्रिका से बातचीत के प्रमुख अंश…
– पत्रिका: भाजपा किन मुद्दों पर चुनाव लड़ रही है?
– अरुण: कांग्रेस राज में जनता त्रस्त है। महिला अत्याचार के मामले में तो राजस्थान ने कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। भरतपुर, कोटा, चूरू समेत कई इलाकों में कानून व्यवस्था की हालत बुरी है। सरेआम गोलियां चलाई जा रही हैं। अपराधियों में कोई डर नहीं है। वे बुलेट ट्रेन की तरह अपराध कर रहे हैं और विकास बैलगाड़ी की गति से हो रहा है। महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा सुनवाई करने जयपुर आईं लेकिन प्रशासन ने सहयोग तक नहीं किया। बिजली की दरें बढ़ाई जा रही हैं। फ्यूल चार्ज पर सब्सिडी खत्म कर दी गई थी, जो भाजपा राज में दी गई थी। किसानों को कोई राहत नहीं दी जा रही। वसुंधरा राजे सरकार में थीं तब गौरव पथ बनवाए थे। वे भी बनवाने बंद कर दिए।
– पत्रिका: कांग्रेस एकजुट दिख रही है, भाजपा में गुटबाजी कम क्यों नहीं हो रही?
– अरुण: कांग्रेस में कहां एकजुटता दिख रही है? प्रत्याशियों का नामांकन भरवाने एक हेलीकॉप्टर में बैठकर जाने से क्या एकजुटता नजर आ जाएगी? भाजपा में कोई गुटबाजी नहीं है। यह सिर्फ मीडिया और सोशल मीडिया की देन है। हमारे सभी नेता धरातल पर चुनाव में जुटे हैं।
– पत्रिका: गुटबाजी नहीं है, तो वसुंधरा राजे कहां हैं?
– अरुण: उनके नहीं आने का मतलब यह नहीं कि पार्टी में गुटबाजी है। राजे से मेरी बात हुई है। वह आना चाहती हैं लेकिन उनकी पुत्रवधू की तबीयत ज्यादा खराब है।
– पत्रिका: राजसमंद और सहाड़ा में प्रत्याशी चयन पर नाराजगी दिख रही है?

– अरुण: राजसमंद और सहाड़ा में कुछ लोगों ने बागी होकर नामांकन भर दिए थे लेकिन बाद में सभी ने वापस ले लिए। सहाड़ा में लादूलाल पितलिया ने खुद साफ कर दिया है कि उन्होंने स्वेच्छा से नामांकन वापस लिया है। ऐसे में नाराजगी का कोई मुद्दा बचा ही नहीं है।
– पत्रिका: भाजपा क्या मोदी के नाम पर ही चुनाव लड़ेगी?
– अरुण: केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। राज्य में महिला अत्याचार बढ़ रहे हैं जबकि पीएम मोदी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं बनाई हैं।
– पत्रिका: तीन में से कितनी सीटें जीत पाएंगे?
– अरुण: राज्य के जो हालात हैं, उन्हें देखकर यह प्रश्न ही कहां रह जाता है? पार्टी ने पूरी ताकत लगाई है, भाजपा तीनों सीटें जीतेगी।
– पत्रिका: स्टार प्रचारकों की सूची तो लम्बी है, प्रचार करने आते ही नहीं हैं?
– अरुण: ये उपचुनाव हैं और पार्टी के नियमानुसार उपचुनाव में केन्द्र स्तर के नेता नहीं आते। पहले भी उपचुनाव में केंद्र स्तर के नेता नहीं आए थे। प्रदेश स्तर के नेता ही प्रचार करते और चुनाव लड़वाते हैं। प्रदेश स्तर के जो नेता बाकी रहे हैं, वे आ जाएंगे।
– पत्रिका: कांग्रेस सरकार के ढाई साल को किस रूप में देखते हैं?
– अरुण: एक लाइन में कहें तो यह सिर्फ वादाखिलाफी की सरकार है, जिसने सत्ता में आने से पहले बड़ी-बड़ी घोषणाएं की मगर पूरी एक भी नहीं की। राजस्थान की जनता से इस सरकार ने धोखा किया है। किसानों, नौजवानों सबके साथ धोखा हुआ है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.