scriptराजस्थान की सहाड़ा विधानसभा में आइसक्रीम करेगी वोटिंग प्रभावित, जानें क्या है वजह | Rajasthan bye election 2021 : sahada vidhansabha news | Patrika News
जयपुर

राजस्थान की सहाड़ा विधानसभा में आइसक्रीम करेगी वोटिंग प्रभावित, जानें क्या है वजह

राज्य की 3 सीटों के लिए मतदान 17 अप्रेल को, गंगापुर-सहाड़ा के लोग विभिन्न राज्यों में कर रहे आइसक्रीम का कारोबार, 40 हजार प्रवासी, जिन्हें लाना भाजपा और कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती

जयपुरApr 08, 2021 / 05:28 pm

pushpendra shekhawat

a1.jpg
अरविन्द सिंह शक्तावत / जयपुर। राज्य की 3 सीटों के लिए मतदान में अब 10 दिन बचे हैं लेकिन सहाड़ा में प्रचार परवान नहीं चढ़ा है। सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र के शहरों में चुनाव प्रचार नजर नहीं आ रहा है। भाजपा-कांग्रेस दोनों दल गांवों में वोटरों की नाराजगी दूर करने में जुटे हैं। यहां दलों के समक्ष बड़ी समस्या प्रवासियों की है। सहाड़ा क्षेत्र में रोजगार की कमी के चलते 40 हजार से ज्यादा लोग आजीविका के लिए विभिन्न राज्यों में गए हुए हैं। भाजपा-कांग्रेस के नेता इन्हें 17 अप्रेल को मतदान के यहां लाने में जुटे हैं।
सहाड़ा क्षेत्र में कभी कपास का बड़े स्तर पर उत्पादन होता था। एक सरकारी मिल थी, जहां 10 हजार लोगों को रोजगार मिलता था। समय के साथ मिल पर काम करने वाले कम होते गए और 4-5 साल पहले मिल बंद हो गई। रोजगार का संकट छाया तो यहां के युवाओं-लोगों ने अन्य राज्यों का रुख किया। आइसक्रीम बेचने के काम से इतनी सफलता मिली कि आज देशभर में इस क्षेत्र के 40 हजार लोग विभिन्न राज्यों में इस कारोबार से जुड़े हैं।
लगभग 20 हजार लोग तो वहीं रहते हैं और 20 हजार लोग सीजन के दौरान जाते हैं। ऐसे में गंगापुर के युवा न सिर्फ आइसक्रीम बेचकर पेट पाल रहे हैं बल्कि अपने क्षेत्र के लोगों को आइसक्रीम वाहन बनाने से जुड़ा रोजगार भी दे रहे हैं।
200 करोड़ की घोषणाएं
उपचुनावों की घोषणा से पहले राज्य की कांग्रेस सरकार ने सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए 200 करोड़ के कार्यों की घोषणा की। इसके अलावा भी लगातार लोगों के काम हो रहे हैं। सरकार की कोशिश है कि जनता में नाराजगी न रहे।
तीन-चार दिन होंगे बड़े नेताओं के दौरे
सहाड़ा क्षेत्र में अगले 3-4 दिन बड़े नेताओं के दौरे होंगे। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अजय माकन राजसमंद दौरे पर हैं, जो गुरुवार से सहाड़ा क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। सूत्रों के अनुसार वह अगले सात दिन में तीनों विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर लेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर, आरएलपी के संयोजक और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल भी गुरुवार से सहाड़ा क्षेत्र में दौरे पर रहेंगे। जबकि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत यहां पूर्व में दो सभाएं कर चुके हैं।
गांवों पर फोकस
भाजपा, कांग्रेस और आएलपी के प्रत्याशी पूरी तरह गांवों पर फोकस किए हुए हैं। जबकि शहरी क्षेत्रों में सघन चुनाव प्रचार 2-3 दिन बाद शुरू होगा।

ज्योतिरादित्य को बुलाने का प्रयास
सूत्रों के अनुसार गंगापुर क्षेत्र की 11 पंचायतों में ग्वालियर के पूर्व राजघराने से सम्बन्ध हैं। ऐसे में भाजपा सहाड़ा में राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की सभा कराने का प्रयास कर रही है।
लोग पूछ रहे हिसाब
भाजपा प्रत्याशी रतनलाल जाट सहाड़ा से दो बार विधायक रह चुके हैं। लम्बे समय बाद उन्हें टिकट मिला है लेकिन जनता आज भी उनके दो कार्यकाल का हिसाब मांग रही है। कांग्रेस से विधायक रहे कैलाश त्रिवेदी के दो साल के कार्यकाल को भी जनता ने ज्यादा संतोषजनक नहीं बताया है। हालांकि उनके निधन के बाद कांग्रेस से नाराजगी भी नहीं दिख रही। गायत्री देवी से लोगों की सहानुभूति भी जुड़ी हुई है।

Home / Jaipur / राजस्थान की सहाड़ा विधानसभा में आइसक्रीम करेगी वोटिंग प्रभावित, जानें क्या है वजह

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो