जयपुर

उपचुनावों की सरगर्मियों के बीच अब बानसूर में किसान महापंचायत, फिर आयेंगे राकेश टिकैत

उपचुनाव सरगर्मियों के बीच किसान महापंचायतें जारी, अब 2 अप्रैल को अलवर के बानसूर में होगी किसान महापंचायत, किसान नेता राकेश टिकैत करेंगे महापंचायत को संबोधित, मनोरंजन के लिए जाने-माने कलाकार भी रहेंगे मौजूद, ज़्यादा से ज़्यादा किसानों को जुटाने के लिए गाँव-ढाणी में जनसंपर्क जारी
 

जयपुरApr 01, 2021 / 12:42 pm

Nakul Devarshi

जयपुर।

प्रदेश में उपचुनाव की सरगर्मियों के बीच केंद्रीय कृषि कानूनों के विरोध में किसान महापंचायतों का सिलसिला भी जारी रहेगा। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले अब अगली किसान महापंचायत 2 अप्रैल को अलवर के बानसूर में होने जा रही है। इस महापंचायत में भी संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश टिकैत की मौजूदगी में प्रदेश भर के किसान कृषि कानूनों के खिलाफ एक सुर में अपनी आवाज़ बुलंद करेंगे।

 

गौरतलब है कि किसान आंदोलन को पिछले चार महीने से भी ज़्यादा का वक्त बीत गया है। लेकिन केंद्र सरकार और किसान संगठनों के बीच गतिरोध टूटने का नाम नहीं ले रहा है। किसान सरकार का विरोध जताने के लिए देश भर में जगह-जगह किसान महापंचायतें कर रहे हैं। प्रदेश में भी अब तक दर्जनों छोटी-बड़ी किसान महापंचायतें अब तक हो चुकी हैं।

 

गांव-गांव किया जा रहा जनसंपर्क
बानसूर में होने वाली आगामी किसान महापंचायत में ज़्यादा से ज़्यादा किसानों को जुटाने की तैयारी की जा रही है। आंदोलन में शामिल किसान संगठनों के प्रतिनिधि गांव-ढाणियों में घर-घर जाकर जनसंपर्क में जुटे हैं। इस दौरान किसानों के साथ ही आमजन को भी कृषि कानूनों का विरोध जताने के लिए महापंचायत में शामिल होने का आमंत्रण दिया जा रहा है।

https://twitter.com/meelrajaram/status/1376895863721586688?ref_src=twsrc%5Etfw

ये नेता भी होंगे महापंचायत में शामिल
संयुक्त किसान मोर्चा के तत्वावधान में बानसूर में आयोजित होने वाली किसान महापंचायत में किसान नेता राकेश टिकैत के अलावा किसान नेता योगेंद्र यादव, राजाराम मील, चौधरी यदुवेंद्र सिंह, रामपाल जाट, डॉक्टर करण सिंह यादव, मुकेश यादव सहित कई अन्य वरिष्ठ किसान नेता भी मौजूद रहेंगे।

 

मनोरंजन का भी किया जा रहा इंतज़ाम
किसान महापंचायत में पहुँचने वाले किसानों के मनोरंजन का भी ख़ास ख्याल रखा जाएगा। इसके लिए जाने-माने कलाकार सुरेश गोला और प्रीति चौधरी का रंगारंग कार्यक्रम रखा गया है।

Home / Jaipur / उपचुनावों की सरगर्मियों के बीच अब बानसूर में किसान महापंचायत, फिर आयेंगे राकेश टिकैत

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.