scriptमहंगाई के खिलाफ जन जागरण अभियान का रोडमैप तैयार, आम लोगों तक पहुंचने की तैयारी | Roadmap prepared for Jan Jagran campaign against inflation | Patrika News
जयपुर

महंगाई के खिलाफ जन जागरण अभियान का रोडमैप तैयार, आम लोगों तक पहुंचने की तैयारी

-14 नवंबर से 29 नवंबर तक जिला और ब्लॉक लेवल पर मनेगा विरोध पखवाड़ा, केंद्र की जनविरोधी नीतियों को लेकर आमजन से संवाद करेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता, विरोध पखवाड़े के तहत हर दिन जिला और ब्लॉक लेवल पर पदयात्रा और प्रभात फेरी, जन जागरण अभियान के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण,जन जागरण अभियान को लेकर दिल्ली में हुई अहम बैठक

जयपुरOct 26, 2021 / 04:54 pm

firoz shaifi

 jaipur

pcc jaipur

जयपुर। देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक मंदी सहित कई अन्य मुद्दों को लेकर कांग्रेस एक बार फिर से मोदी सरकार के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन शुरू करने जा रही है। देशव्यापी आंदोलन के तहत राजस्थान में भी 14 नवंबर से 29 नवंबर तक महंगाई बेरोजगारी आर्थिक मंदी और अन्य मुद्दों के खिलाफ जन जागरण अभियान के जरिए विरोध पखवाड़ा मनाया जाएगा।

जन जागरण अभियान के तहत कांग्रेस पार्टी इस बार सीधे जनता के बीच जाकर केंद्र सरकार की नाकामियों और बीते 7 साल के कार्यकाल में लिए गए गलत फैसलों की जानकारी जनता को देगी। जन जागरूकता अभियान को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने अपना रोड मैप भी तैयार कर लिया है जिसके तहत कांग्रेस पार्टी के साथ-साथ अग्रिम संगठनों को भी विरोध पखवाड़े में अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं।

दऱअसल इससे पहले भी कांग्रेस पार्टी लगातार महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतर चुकी है, हालांकि विरोध प्रदर्शनों में कांग्रेस के कार्यकर्ता ही जुटते थे लेकिन इस बार कांग्रेस ने सड़कों पर भीड़ एकत्रित कर विरोध करने की बजाए जनता से सीधे इन मुद्दों पर संवाद की रणनीति बनाई है।

जिला- ब्लॉक लेवल पर होंगे जन जागरण कार्यक्रम
दरअसल 14 नवंबर से 29 नवंबर के बीच जिला और ब्लॉक लेवल पर जन जागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें कांग्रेस कार्यकर्ता गली- मौहल्ले में जाकर नुक्कड़ सभाएं करेंगे और केंद्र सरकार के जनविरोधी फैसलों की जानकारी जनता को देंगे। कांग्रेस कार्यकर्ता आम जन से सीधा संवाद करने के लिए सार्वजनिक रैली या बड़ी बैठकर नहीं करेंगे और छोटी-छोटी नुक्कड़ सभाएं करके जनता संवाद करेंगे।

इसके अलावा जन जागरण अभियान के तहत जिला और ब्लॉक लेवल पर कांग्रेस कार्यकर्ता, विधायक और मंत्री गांधी टोपी पहन कर पदयात्रा भी करेंगे। साथ ही हर दिन सुबह प्रभात फेरी भी निकाली जाएगी। वहीं पेट्रोल पंपों के बाहर पेट्रोल डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों का उल्लेख करते हुए बैनर होर्डिंग लगाए जाएंगे।

कार्यकर्ताओं को मिलेगा खास प्रशिक्षण
इधर जन जागरण अभियान में केंद्र सरकार ओर से अब तक लिए गए जनविरोधी फैसले जैसे कि नोटबंदी, पेट्रोल-डीजल की दरों में लगातार वृद्धि, महंगाई, बेरोजगारी, कृषि कानून जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को खास तरह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहले प्रदेश स्तर पर 10 कार्यकर्ताओं को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रशिक्षण दिया जाएगा। उसके बाद राज्य स्तरीय प्रशिक्षकों की ओऱ से हर लोकसभा क्षेत्र से 10-10 कार्यकर्ताओं को चुनकर उन्हें प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में ट्रेनिंग दी जाएगी।

इसके बाद जिला स्तरीय प्रशिक्षक 2 नवंबर तक प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षण प्राप्त कार्यकर्ता गली मोहल्ले में जाकर केंद्र सरकार की नाकामियों को बताएंगे तो वहीं गहलोत सरकार की ओर से 3 साल में लिए गए जनहित के फैसले और सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी जनता को देंगे।

अभियान के लिए कंट्रोल रूम स्थापित
इधर महंगाई के खिलाफ शुरू होने वाले जन जागरण अभियान की प्रदेश स्तर पर मॉनिटरिंग के लिए कांग्रेस मुख्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इस कंट्रोल रूम में कांग्रेस के अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ताओं को भी शामिल किया गया जो लगातार जिला ब्लॉक लेवल पर होने वाले जन जागरण अभियान की मॉनिटरिंग करेंगे।

जन जागरण अभियान को लेकर दिल्ली में बैठक
इधर राष्ट्रव्यापी जन जागरण अभियान को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में मंगलवार को अहम बैठक हुई, जिसमें प्रदेश प्रभारियों, प्रदेशाध्यक्षों, राष्ट्रीय महासचिवों ने शिरकत की है। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और प्रदेश प्रभारी अजय माकन इस बैठक में शामिल हुए।

Home / Jaipur / महंगाई के खिलाफ जन जागरण अभियान का रोडमैप तैयार, आम लोगों तक पहुंचने की तैयारी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो