scriptसजेगा 45 निकाय प्रमुखों के सिर ताज, कांग्रेस के 4 मंत्रियों, 16 विधायकों की साख दांव पर | Voting begins for election of forty five municipal body chief | Patrika News
जयपुर

सजेगा 45 निकाय प्रमुखों के सिर ताज, कांग्रेस के 4 मंत्रियों, 16 विधायकों की साख दांव पर

-मंत्री लालचंद कटारिया ही दिला पाए जोबनेर पालिका में जीत, डीग से विश्वेन्द्र सिंह, बयाना से अमर सिंह जाटव ने कांग्रेस का बनाया निर्विरोध बोर्ड, मंत्री राजेन्द्र यादव,प्रमेाद जैन भाया,भजनलाल जाटव और परसादी लाल मीणा की साख दांव पर

जयपुरDec 20, 2020 / 12:53 pm

firoz shaifi

bjp congress

bjp congress

जयपुर। प्रदेश के 12 जिलों के 50 निकायों में चुनाव संपन्न होने के बाद आज निकाय प्रमुखों का फैसला होगा। हालांकि 50 निकायों में से 5 में पहले ही बोर्ड बन चुका है। ऐसे में आज केवल 45 निकायों के प्रमुखों के लिए ही मतदान होगा। 45 निकाय में कहां किसका बोर्ड बनेगा ये भी आज ही तय हो जाएगा। निकाय प्रमुखों के लिए सुबह 10 बजे से मतदान शुरू हुआ जो दोपहर दो बजे तक चलेगा।

माना जा रहा है कि दोपहर बाद चुनावी तस्वीर पूरी तरह से साफ हो जाएगी। हालांकि 50 निकायों में इस बार अधिकांश जगह निर्दलीयों का बोलबाला रहा है। 50 निकायों में से 15 निकायों में कांग्रेस को बहुमत मिला है, जबकि चार निकायों में भाजपा को स्पष्ट बहुमत है।

10 निकायों में निर्दलीयों को बहुमत है तो 21 निकायों में किसी को भी बहुमत नहीं है, यहां भी बोर्ड बनाने में निर्दलीय ही निर्णय करेंगे। इसी को देखते हुए पिछले कई दिन से सत्तारूढ़ कांग्रेस और भाजपा निर्दलीयों से संपर्क साधने में जुटे हुए हैं। हालांकि सत्तारूढ़ कांग्रेस की बात करें तो आज आने वाले नतीजों पर कांग्रेस के 4 मंत्रियों और 16 विधायकों की साख दांव पर लगी हुई है। जिन 50 निकायों में मतदान हुए थे वहां कांग्रेस के 24 विधायक और 5 मंत्रियों के पालिका क्षेत्र भी थे।


पांच मंत्रियों में केवल कृषि मंत्री लालचंद कटारिया ही अपनी जोबनेर नगरपालिका में चुनावों में ही पूर्ण बहुमत कांग्रेस को दिलवा चुके हंै। शेष चार मंत्री राजेन्द्र यादव,प्रमोद जैन भाया,भजनलाल जाटव और परसादी लाल मीणा निर्दलीयों पर निर्भर है। इसी तरह से कांग्रेस के 16 विधायक ऐसे हैं जिनकी साख भी निर्दलीयों के हाथ में है।

6 कांग्रेस विधायकों ने दिलाई जीत :

कांग्रेस के बाईस में से केवल 6 विधायक ही पार्टी को जीत दिलाने में कामयाब रहे। इनमें सबसे अच्छी परफोर्मेंस गंगानगर के करणपुर से कांग्रेस विधायक गुरमित सिंह कुन्नर की रही है जिन्होंने अपनी चार की चार नगरपालिका में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत से जीत दिलाई। कांग्रेस विधायक विश्वेन्द्र सिंह ने डीग और अमर सिंह जाटव ने बयाना नगरपालिका में निर्विरोध कांग्रेस पार्टी को जीत दिलवा दी है। कांग्रेस विधायक हीराराम की नगरपालिका पीपाड़सिटी में कांग्रेस को चुनावों में पूर्ण बहुमत मिला था।

एक मंत्री और इन 6 विधायकों ने बनवाया बोर्ड :

कांग्रेस के जिन विधायकों और मंत्री ने बोर्ड बनवाया है उनमें लालचंद कटारिया शामिल हैं। उन्होंने जोबनेर नगरपालिका में कांग्रेस को बहुमत दिलाया है। इसके अलावा कांग्रेस विधायक रोहित बोहरा-राजाखेडा, गिर्राज मलिंगा- बाड़ी, गुरमित सिंह कुन्नर-चारों नगर पालिका, इंद्रराज गुजर्र-विराट नगर, पानाचंद मेघवाल- बारां नगर परिषद, हीराराम-पीपाड़ में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत दिलाया।

यहां सिंबल नहीं फिर भी बना कांग्रेस का बोर्ड :

डीग और बयाना नगर पालिका में कांग्रेस पार्टी ने सिंबल पर प्रत्याशी नहीं उतारे थे। जिसके कारण ज्यादातर निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव जीते। बावजूद इसके विश्ववेंद्र सिंह डीग और अमर सिंह जाटव बयाना में कांग्रेस का बोर्ड बनवाने में सफल रहे।

इन मंत्रियों के इलाकों में नहीं मिला बहुमत :

राजेंद्र यादव-कोटपूतली, भजनलाल जाटव-वैर और भुसावर, प्रमोद जैन भाया-अंता, परसादीलाल मीणा-लालसोट है।


ये दो कांग्रेस विधायक गवां चुके सीट :

हीराराम के बिलाड़ा क्षेत्र में भाजपा को बहुमत, हालांकि हीराराम दूसरी नगरपालिका पीपाड़ में जीत दिला पाए। इसी प्रकार बाबूलाल बैरवा के खेड़ली में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला है।


इन कांग्रेस विधायकों के क्षेत्रों में निर्दलीय करेंगे फैसला :

-विधायक दीपचंद खैरिया-खैरथल-किशनगढ़बास में किसी को बहुमत नहीं।
– जौहरीलाल मीणा-राजगढ़ नगरपालिका में निर्दलीय बहुमत में।
– संदीप यादव तिजारा में निर्दलीयों को बहुमत मिला।
– जोगिंदर सिंह अवाना-नदबई नगरपालिका में निर्दलीयों को बहुमत।
– जाहिदा खान-कामां में कांग्रेस को बहुमत नहीं, निर्दलीय करेंगे फैसला।
– वाजिब अली-नगर पालिका में निर्दलीयों को बहुमत।
– भरोसीलाल जाटव-हिंडौन में किसी को बहुत नहीं।
– लाखन सिंह मीणा-करौली नगर परिषद में निर्दलीय करेंगे बोर्ड का फैसला।
– मुरारीलाल मीणा-दौसा में निर्दलीयों के सहयोग से बोर्ड बनेगा।
– जीआर खटाणा बांदीकुई में निर्दलीयों का सहयोग जरूरी।
– जगदीश जांगिड़-सादुलशहर पालिका में किसी को बहुमत नहीं।
– दानिश अबरार-सवाईमाधोपुर नगर परिषद में निर्दलीय करेंगे फैसला।
– रामनारायण मीणा-इटावा में निर्दलीय करेंगे फैसला।
-गंगादेवी-बगरू में निर्दलीय करेंगे फैसला।
-वेदप्रकाश सोलंकी-चाकसू में निर्दलीय करेंगे फैसला।
-विश्वेन्द्र सिंह-कुम्हेर में विश्वेन्द्र सिंह ने सिंबल नहीं बांटे, अब निर्दलीयों के सहारे बोर्ड बनाने की जिम्मेदारी है।

Home / Jaipur / सजेगा 45 निकाय प्रमुखों के सिर ताज, कांग्रेस के 4 मंत्रियों, 16 विधायकों की साख दांव पर

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो