आईएमडी के मुताबिक अरब सागर, गुजरात, राजस्थान से होते हुए विक्षोभ का असर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों तक पहुंचेगा, जिसके कारण देश के इस हिस्से के तमाम भागों में मौसम बदलेगा। कल से प्रदेश के श्रीगंगानगर, चूरू, सीकर, भरतपुर, अलवर, दौसा, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, कोटा, जयपुर और सवाई माधोपुर में बारिश की चेतावनी दी गई है। इससे प्रदेश में एक बार फिर तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
ठंडी हवाओं का चल रहा दौर
बीते 24 घंटों में प्रदेश के प्रमुख जिलों में रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, करीब आधा दर्जन जिलों में रात का तापमान 8 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। इसके साथ ही करीब डेढ़ दर्जन जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच चुका है। दिनभर ठंडी हवाओं ने फिर से लोगों को हल्की सर्दी का एहसास करवा दिया है।
पांच दिन शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक कल से तेज हवाएं 25 से 35 प्रति किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने के आसार है। इसके साथ ही नमी कम होने से बारिश की संभावना बेहद कम है। राज्य के उत्तरी भागों में छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं। इसके साथ ही सभी क्षेत्रों में आगामी चार-पांच दिन मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा।
प्रमुख जगहों का पारा
प्रदेश में बीती रात को सबसे कम पारा जयपुर के जोबनेर का महज तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा भीलवाडा का 8, अलवर का 7.8, जयपुर का 13.7, पिलानी का 8.3, सीकर का 7, फतेहपुर का 7.3, हनुमानगढ का 6.3, चित्तौड का 8.1, बारां का 7.8, चूरू का 7.5, गंगानगर का 10.3, बूंदी का 12.5, डबोक का 9.8 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज किया गया।