scriptकांग्रेस में दो-दो पदों पर बैठे मंत्रियों-विधायकों में हड़कंप, इस मंत्री के इस्तीफे से गरमाई सियासत | workers raise demanding due to two political posts in his leader | Patrika News
जयपुर

कांग्रेस में दो-दो पदों पर बैठे मंत्रियों-विधायकों में हड़कंप, इस मंत्री के इस्तीफे से गरमाई सियासत

गहलोत सरकार में श्रम मंत्री टीकाराम जूली ने अलवर कांग्रेस जिलाध्यक्ष के पद से इस्तीफा देकर इस मामले को एक बार फिर हवा दे दी है

जयपुरJul 16, 2019 / 10:51 am

firoz shaifi

congress

congress

फिरोज सैफी/जयपुर।

कांग्रेस में एक लंबे समय से चली आ रही एक व्यक्ति एक पद के सिद्धांत लागू करने की मांग ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। गहलोत सरकार में श्रम मंत्री टीकाराम जूली ने अलवर कांग्रेस जिलाध्यक्ष के पद से इस्तीफा देकर इस मामले को एक बार फिर हवा दे दी है। जूली के इस कदम के बाद उन मंत्रियों और विधायकों पर भी दबाव बढ़ गया है, जो सत्ता और संगठन दोनों जगह पदों पर काबिज हैं।
प्रदेश कांग्रेस में तकरीबन तीन दर्जन नेता ऐसे हैं जो दो-दो पदों पर काम रहे हैं। इससे पहले वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने भी मुख्यमंत्री का पद संभालते ही पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि टीकाराम जूली ने अपनी व्यस्तता का हवाला देते हुए कहा था कि वे संगठन को ज्यादा समय नहीं दे पा रहे हैं, इस नाते जिलाध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे रहे हैं, जिससे किसी अन्य नेता को काम करने का मौका मिल सके, लेकिन जूली के इस्तीफा देते ही कांग्रेस हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
कांग्रेस हलकों में चर्चा है कि दो पदों पर काबिज अन्य नेताओं को भी एक पद छोड़ना चाहिए, जिससे दूसरे नेताओं और कार्यकर्ताओं को मौका मिल सके। हालांकि विधानसभा चुनाव के बाद से ही प्रदेश कांग्रेस में एक व्यक्ति एक पद के सिद्धांत को लागू करने की मांग की जा रही थी, लेकिन लोक सभा चुनाव के मद्देनजर इस मांग को टाल दिया गया था।
6 प्रदेश उपाध्यक्ष मंत्री, 3 विधायक
प्रदेश कांग्रेस की बात करें तो 6 प्रदेश उपाध्यक्ष ऐसे हैं जो गहलोत सरकार में मंत्री हैं। इनमें पांच केबिनेट और एक राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार है। इनमें विश्वेन्द्र सिंह, मा.भंवर लाल मेघवाल, रघु शर्मा, प्रमोद जैन भाया और उदयलाल आंजना है, जबकि गोविंद सिंह डोटासरा राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार हैं। वहीं प्रदेश कांग्रेस के तीन उपाध्यक्ष विधायक हैं, इनमें खिलाड़ी बैरवा, अशोक बैरवा और महेंद्र जीत सिंह मालवीय हैं। इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री मुरारी लाल मीणा विधायक और महेंद्र चौधरी सरकारी उप मुख्य सचेतक हैं।
तीन जिलाध्यक्ष मंत्री
प्रदेश कांग्रेस में तीन जिलाध्यक्ष भी ऐसे हैं जो गहलोत सरकार मंत्री हैं, इनमें जयपुर शहर अध्यक्ष प्रताप सिंह खाचरियावास केबिनेट, जयपुर देहात अध्यक्ष राजेंद्र यादव राज्यमंत्री और अलवर जिलाध्यक्ष टीकाराम जूली भी राज्यमंत्री हैं, हालांकि जूली और अब जिलाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके हैं।
9 प्रदेश सचिव विधायक
वहीं प्रदेश कांग्रेस की सचिव जाहिदा खान, प्रशांत बैरवा, दानिश अबरार, अमीन कागजी, रोहित बोहरा, चेतन डूडी, कृष्णा पूनिया, इन्द्राज गुर्जर पार्टी के विधायक हैं। एक और सचिव अर्जुन बामनिया भी सरकार में राज्य मंत्री हैं।
तीन अग्रिम संगठनों के प्रदेशाध्यक्ष भी दो पदों पर
वहीं तीन कांग्रेस के तीन अग्रिम संगठनों के प्रदेशाध्यक्षों पर दोहरी जिम्मेदारी है। महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष रेहाना रियाज प्रदेश कांग्रेस में महामंत्री भी हैं। युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक चांदना गहलोत सरकार में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार हैं। इसके अलावा कांग्रेस सेवादल के प्रदेशाध्यक्ष राकेश पारीक विधायक हैं।

Home / Jaipur / कांग्रेस में दो-दो पदों पर बैठे मंत्रियों-विधायकों में हड़कंप, इस मंत्री के इस्तीफे से गरमाई सियासत

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो