scriptरोडवेज बसों में पुरुषों को दे रहे महिलाओं के टिकट! | Jaisalmer- Ladies giving tickets to men in roadways buses | Patrika News
जैसलमेर

रोडवेज बसों में पुरुषों को दे रहे महिलाओं के टिकट!

– विभिन्न जतन के बाद नहीं बढ़ा यात्रीभार तो कार्मिकों ने निकाला नया रास्ता – महिला टिकट पर मिलती है 30 प्रतिशत छूट – इस वर्ष पुरुषों की तुलना में दो ग

जैसलमेरOct 14, 2017 / 01:19 pm

jitendra changani

Roadways bus

रोडवेज बस

जैसलमेर . रोडवेज की बसों में विभिन्न सुविधाओं के बावजूद किराये में बड़े अंतराल के चलते यात्री इस ओर आकर्षित नहीं हुए तो कार्मिकों ने नया तरीका निकाल लिया। रोडवेज की बसों में यात्रा करने वाले पुरुषों को भी महिलाओं के टिकट देकर यात्रा करवा रहे हैं। गौरतलब है कि पूर्ववर्ती राज्य सरकार ने महिलाओं के टिकट पर 30 प्रतिशत छूट देनी शुरू की थी। ऐसे में पुरुषों को महिलाओं के टिकट मिलने से उन्हें भी इस सुविधा का लाभ मिल जाता है। ऐसे में रोडवेज की बसों में यात्रियों में तो काफी इजाफा हुआ है, लेकिन कभी विकट परिस्थिति में इसके गंभीर परिणाम भी भुगतने पड़ सकते हैं।
यूं कटे महिलाओं व पुरुषों के टिकट
इस वर्ष 1 जनवरी से 30 सितम्बर तक जैसलमेर रोडवेज में पुरुषों की तुलना में महिलाओं के करीब 2 गुणा टिकट कटे हैं। सितम्बर के अंत तक जहां 6,60,132 महिलाओं ने यात्रा की वहीं सामान्य पुरुषों के 3,71,823 टिकट ही कटे हैं।
17 हजार यात्रियों का इजाफा
बीते वर्ष की तुलना में इस वर्ष प्रतिमाह करीब 17हजार अधिक यात्रियों ने रोडवेज में सफर किया। जहां 2016 में पूरे साल के दौरान 12,70,339 टिकट कटे वहीं वर्ष 2017 में 30 सितम्बर तक 11,06,341 लोग यात्रा कर चुके हैं। ऐसे में प्रतिमाह करीब 17 हजार यात्रियों का अंतल सामने आ रहा है।
यहां हो सकती है परेशान
रोडवेज की बसों में मान्य टिकट के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को 2लाख का बीमा भी मिलता है। ऐसे में दुर्भाग्यवश कभी कोई बस हादसे का शिकार हो जाती है तो सभी के लिए परेशानी खड़ी हो सकती है। यात्रियों को बीमे सहित अन्य सुविधाओं का लाभ भी नहीं मिल पाएगा।
निजी वाहनों से रहती है तनातनी
रोडवेज के विभिन्न रूटों पर कई निजी तथा अवैध वाहनों के चलते काफी तनातनी रहती है। कई वाहन चालक क्षमता से अधिक सवारियां भर लेते हैं। वहीं सरकारी बसों की तुलना में किराया भी कम लेते हैं। ऐसे में लोग रोडवेज की बसों यात्रा को लेकर कम ही रुचि लेते हैं। रोडवेज कार्मिकों ने भी इन परिस्थितियों से निपटने के लिए यह कदम उठाया है।
यह रही बीते तीन वर्षों की स्थिति

वर्ष महिला पुरुष कुल यात्री
2014 483942 664166 1250502
2015 578394 605385 1283704
2016 645307 532988 1270339
2017 660132 371823 1106341

(30 सितम्बर तक)
नोट – महिला दिवस व रक्षाबंधन पर यात्रा करने वाली महिलाओं तथा छूट पाने वाले लोगों को अलग रखा गया है।)
मेरे ध्यान में नहीं है
ऐसी कोई बात मेरे ध्यान में नहीं है। मैं अभी कार्यालय के काम से बाहर आया हुआ हूं। वापस आकर इसकी जानकारी लूंगा।
– अमरसिंह राजपुरोहित, मुख्य प्रबंधक, जैसलमेर आगार
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो