जैसलमेर

Lok sabha election 2024: गहलोत बोले- अबकी बार, 400 पार नारा देने की क्या जरूरत पड़ गई?

जैसलमेर में बुधवार को बाड़मेर-जैसलमेर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी उम्मेदाराम बेनीवाल के समर्थन में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करने आए गहलोत ने कहा कि मोदी और भाजपा घमंड में डूबे हुए हैं और उन्हें लगता है कि आगामी चुनाव तो वे जीते हुए हैं, लेकिन लोकतंत्र में जनता माई-बाप होती है।

जैसलमेरApr 17, 2024 / 06:40 pm

Deepak Vyas

जैसलमेर में बुधवार को बाड़मेर-जैसलमेर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी उम्मेदाराम बेनीवाल के समर्थन में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करने आए गहलोत ने कहा कि मोदी और भाजपा घमंड में डूबे हुए हैं और उन्हें लगता है कि आगामी चुनाव तो वे जीते हुए हैं, लेकिन लोकतंत्र में जनता माई-बाप होती है। गहलोत ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव के नतीजे चौंकाने वाले आएंगे। गहलोत ने कहा भाजपा एक बार फिर सत्ता में आई तो देश का संविधान खतरे में पड़ जाएगा क्योंकि वे अबकी बार 400 पार का नारा दे रहे हैं। यह नारा देने की उन्हें क्या जरूरत पड़ गई? गहलोत ने कहा कि भाजपा का लोकतंत्र में विश्वास नहीं है। तभी उसने राज्यों की चुनी हुई सरकारों को बदलने का काम किया। देश में इडी और सीबीआई के जरिए धमका कर राज किया जा रहा है। भ्रष्टाचार के खिलाफ बातें करने वाली भाजपा में जो भी नेता अन्य दल से शामिल होते हैं, वे वॉशिंग मशीन से साफ हो जाते हैं।

सबसे बड़ा घोटाला इलेक्टोरल बॉन्ड

गहलोत ने इलेक्टोरल बॉन्ड को देश ही नहीं दुनिया का सबसे बड़ा घोटाला बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उद्योगपतियों से करोड़ों रुपए इसके माध्यम से ले लिए। आज देश में यह चिंता होने लगी है कि 2024 के बाद चुनाव होंगे या नहीं होंगे। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। दो चुने हुए मुख्यमंत्रियों को उन्होंने जेल भेज दिया। संयुक्त राष्ट्रसंघ को कहना पड़ा कि इस देश में हो क्या रहा है? गहलोत ने कहा कि भाजपा जाति-धर्म की राजनीति कर रही है। गहलोत ने कांग्रेेस के चुनावी घोषणा पत्र में युवाओं, महिलाओं व किसानों आदि के लिए की गई घोषणाओं का जिक्र किया।

Home / Jaisalmer / Lok sabha election 2024: गहलोत बोले- अबकी बार, 400 पार नारा देने की क्या जरूरत पड़ गई?

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.