राजस्थान की पश्चिमी सीमा पर स्थित पोकरण कारागृह सुरक्षा की दृष्टी से महत्वपूर्ण है। परमाणु परीक्षण केन्द्र के नजदीक होने से भी पोकरण कारागृह में अपराधियों पर अंकुश होना जरुरी है, लेकिन इन विपरित परिस्थितियों में भी जेल में मोबाइल मिलने से जेल प्रशासन की नींद उड़ गई है, वहीं प्रशासन को भी सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने की जरुरत है।
पोकरण कारागृह में मोबाइल मिलने से सनसनी का माहौल बन गया। यहां के जिम्मेदारों के लिए जेल तक मोबाइल पहुंचने की गुत्थी को सुलझाना चुनौती बन गया है। सुरक्षा व्यवस्थाओं के बीच महिला बैरिक के टॉयलेट तक मोबाइल पहुंचनी की घटना के बाद यहां की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी सेंध माना जा रहा है। जानकार जेल तक मोबाइल पहुंचाने के पीछे के सच को उजागर करने की मशक्कत में जुट गए है। अब यह गुत्थी सुलझने के बाद हकीकत से पर्दा उठ सकेगा।