जैसलमेर

‘ओटीटी प्लेटफार्म ने नई कहानियां और बेहतरीन कलाकार दिए’

– विख्यात फिल्म अभिनेता संजय कपूर के साथ राजस्थान पत्रिका की एक्सक्लुसिव बातचीत

जैसलमेरJul 07, 2022 / 07:19 am

Deepak Vyas

‘ओटीटी प्लेटफार्म ने नई कहानियां और बेहतरीन कलाकार दिए’

जैसलमेर. हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में संजय कपूर का नाम जाना-पहचाना है। लगभग 30 साल से अभिनय की दुनिया में अपना पुख्ता स्थान बना चुके संजय कपूर इन दिनों भारतीय ओटीटी स्ट्रीमिंग सर्विस वूट पर 7 जुलाई को रिलीज होने जा रही द गोन गेम के दूसरे सीजन को लेकर व्यस्त हैं। इसके निर्देशक अभिषेक सेनगुप्ता हैं। इस व्यस्तता के बीच राजस्थान पत्रिका के साथ टेलीफोनिक विशेष बातचीत में बड़े पर्दे से अपने कैरियर की शुरुआत करने वाले संजय कपूर ने कहा कि ओटीटी प्लेटफार्म भारत में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। इसके माध्यम से नए-नए बेहतरीन कलाकार और नई कहानियां दर्शकों को मिल रहे हैं। इस विधा में प्रत्येक कलाकार को काम करने का पूरा अवसर मिल रहा है। इसमें कहानी कहने के लिए निर्माता-निर्देशक को तीन से पांच-छह घंटे तक का समय मिलता है। जबकि फिल्म विधा में यह समय केवल डेढ़ घंटे तक रहता था। ऐसे में कई पात्रों का बैकग्राउंड दिखाने तक का समय नहीं मिल पाता।
माध्यम कोई हो, मेहनत पूरी
70 एमएम के पर्दे पर दिखने वाली फिल्मों से कैरियर की शुरुआत कर मोबाइल तथा टीवी की स्क्रीन पर प्रसारित होने वाले ओटीटी कंटेंट को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में संजय कपूर ने कहा कि माध्यम कोई भी हो, हम कलाकारों को उतनी ही शिद्दत से मेहनत करनी होती है और आज तो बड़ी संख्या में लोग फिल्म भी तब देखते हैं जब वह सिनेमाघरों से होती हुई ओटीटी पर रिलीज होती है। लोगों के पास अब समय नहीं है। वे कहीं यात्रा करते हुए अपने मोबाइल या अन्य उपकरण पर अपनी मनपसंद फिल्में व सीरीज देखना पसंद करते हैं। कैमरा सामने होते ही यह मायने नहीं रखता कि, यह काम किस माध्यम पर रिलीज किया जाएगा।
दर्शकों का मिलेगा प्यार
वूट सलेक्ट पर रिलीज होने जा रही द गोन गेम के दूसरे सीजन के संबंध में कपूर ने बताया कि यह एक थ्रिलर है। इसमें दर्शकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए सारी सामग्री संजोई गई है। इसके पहले पार्ट को हमने कोरोना काल की पाबंदियों के बीच फिल्माया था, उसे भी दर्शकों ने खूब पसंद किया था। दूसरे सीजन की कहानी पहले सीजन के आखिर से ही शुरू होती है। इसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिलेगा, ऐसा हम सबका मानना है। संजय कपूर ने कहा कि वे लगभग 30 साल से फिल्म इंडस्ट्री में हैं। भगवान की कृपा और दर्शकों के प्यार की बदौलत यह सफर यहां तक पहुंचा है। उनके बड़े भाई अनिल कपूर पिछले 40 साल से इंडस्ट्री में पूरे जोश-खरोश के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने जिस ढंग से स्वयं को फिट बनाए रखा है, वह प्रेरणादायी है। पहले के दौर से वर्तमान की तुलना करते हुए कपूर ने बताया कि सभी चीजें बदल गई हैं। दर्शक भी अब पहले से ज्यादा परिपक्व हुए हैं। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में उनकी दो फिल्में ब्लडी रेडी और मैरी क्रिसमस आने वाली हैं। पहली में उनके साथ शाहिद कपूर और अन्य कलाकार हैं जबकि दूसरी में दक्षिण भारत के बड़े कलाकार विजय सेतुपति ने स्क्रीन शेयर किया है। तेवर फिल्म का निर्माण करने वाले संजय कपूर ने बताया कि वे अभिनय से समय मिलने और अच्छी कहानी मिलने पर निर्माता अवश्य बनना चाहेंगे क्योंकि फिल्म निर्माण उनके खून में है। गौरतलब है कि संजय कपूर के पिता सुरेंद्र कपूर अपने समय के बड़े फिल्म निर्माता रहे हैं।

Home / Jaisalmer / ‘ओटीटी प्लेटफार्म ने नई कहानियां और बेहतरीन कलाकार दिए’

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.