जैसलमेर

धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन: मनाया प्रतिमा का 10वां पाटोत्सव

– विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

जैसलमेरMar 02, 2021 / 08:32 pm

Deepak Vyas

धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन: मनाया प्रतिमा का 10वां पाटोत्सव


पोकरण. कस्बे के फलसूण्ड रोड स्थित महारथी मारुति सेवा सदन आश्रम के संस्थापक स्वामी धनुर्धराचार्य महाराज की प्रतिमा स्थापना के 10वें पाटोत्सव का दो दिवसीय समारोह सोमवार को संपन्न हुआ। सोमवार को सुबह आठ बजे स्वामी की प्रतिमा व जंगलिया बाबा हनुमान प्रतिमा की विधि विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। 10वें पाटोत्सव के मौके पर सुबह 10 बजे बाद पंडित राधाकिशन व्यास, गिरीराज पुरोहित, अजय व्यास, डीपी व्यास के सानिध्य में ओम महाराज, बालसंत वेदप्रकाश, विकास ओझा, विशाल दाधीच, जितेन्द्र विश्रोई, महेश गांधी ने प्रतिमा का दुग्धाभिषेक किया। इस मौके पर चरण पादूका पूजन व रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। इस दौरान वैदिक मंत्रो से मंदिर परिसर गूंज उठा। इससे पूर्व अंजनी माता मंदिर, जंगलिया हनुमान मंदिर में भी विशेष पूजा-अर्चना की गई तथा दोनों मंदिरों को रौशनी व सुंगधित पुष्प मालाओं से सजाया गया।
प्रसादी का किया वितरण
पूजन व अभिषेक के बाद आरती कर प्रसादी का वितरण किया गया। जिसमें कस्बे सहित जोधपुर, जैसलमेर, फलोदी, लोहावट आदि क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आए श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। इस मौके पर दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। यहां आए सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने स्वामी धनुर्धराचार्य महाराज की प्रतिमा, हनुमान मंदिर व अंजनी माता मंदिर के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
सुंदरकांड का हुआ आयोजन
पाटोत्सव की पूर्व संध्या पर आश्रम में रविवार की शाम आठ बजे सुंदरकांड का पाठ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लयबद्ध सुंदरकांड का पाठ किया। इस मौके पर मंदिर परिसर व आसपास का क्षेत्र सुंदरकांड की चौपाईयों से गूंज उठा। रात्रि में सत्संग का आयोजन किया गया।

Home / Jaisalmer / धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन: मनाया प्रतिमा का 10वां पाटोत्सव

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.