जैसलमेर

सुबह छाया कोहरा, दोपहर में निकली धूप

– सर्दी का बढ़ा असर, जनजीवन प्रभावित

जैसलमेरJan 16, 2022 / 10:28 am

Deepak Vyas

सुबह छाया कोहरा, दोपहर में निकली धूप

पोकरण. क्षेत्र में शनिवार रात तेज शीतलहर का दौर शुरू होने से सर्दी का असर बढ़ गया और जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। दिन चढऩे के साथ आसमान में घना कोहरा छा गया। जिससे राहगीरों व वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हुई। आठ बजे बाद कोहरा छंट गया और तेज धूप निकली, लेकिन शीतलहर का दौर जारी रहा। तेज सर्द हवाओं व शीतलहर के कारण लोगों की दिनचर्या देरी से शुरू हुई। नौ बजे बाद बाजारों में चहल पहल नजर आई तथा लोग गर्म व ऊनी वस्त्र पहने नजर आए। दोपहर के समय तेज धूप निकली, लेकिन शीतलहर के कारण आमजन का बेहाल हुआ। शाम ढलने पर सर्दी का असर और बढ़ गया तथा लोगों ने घरों की तरफ जल्दी प्रस्थान किया। जिससे बाजार जल्दी सूने हो गए।
नोख. क्षेत्र में कड़ाके की ठंड व शीतलहर का दौर शनिवार को भी जारी रहा। शनिवार को दिन चढऩे के साथ आसमान में कोहरा छा गया। कोहरा इतना घना था कि 15 फीट से दूर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। जिससे विशेष रूप से वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हुई। नौ बजे बाद कोहरा छंट गया और तेज धूप निकली, लेकिन सर्द हवाओं व शीतलहर का दौर देर शाम तक भी जारी रहा। जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। जैसलमेर. सरहदी जैसलमेर जिले में एक बार फिर जाड़े की जकडऩ ने यहां के बाशिंदों को अपने चंगुल में लेना शुरू कर दिया है। बर्फीली हवाओं के दौर व कोहरे के असर के चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्वर्णनगरी में सर्द मौसम में सड़क मार्गों के किनारे व मुख्य चौराहों पर लोग अल सुबह व शाम को अलाव तापते नजर आए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी सर्द मौसम के कारण लोगों का यही हाल रहा। सैलानियों को भी सर्द मौसम के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर भ्रमण के दौरान वे ऊनी लिबासों में नजर आए। सर्द हवाओं के चलने से एकबार फिर से सर्दी चमकने लगी है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.