scriptजालोर महोत्सव में दिखेगा कला व संस्कृति का अनोखा संगम | jalore mahotsav festival | Patrika News
जालोर

जालोर महोत्सव में दिखेगा कला व संस्कृति का अनोखा संगम

www.patrika.com/rajasthan-news

जालोरFeb 07, 2020 / 11:49 am

Dharmendra Kumar Ramawat

जालोर महोत्सव में दिखेगा कला व संस्कृति का अनोखा संगम

जालोर महोत्सव में दिखेगा कला व संस्कृति का अनोखा संगम

जालोर. पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन व जालोर विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में 15 फरवरी से आयोज्य तीन दिवसीय जालोर महोत्सव में कला एवं संस्कृति का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। समन्वयक हितेश प्रजापत ने बताया कि महोत्सव में तीन दिन तक खेल, सांस्कृतिक, कला, संस्कृति व शॉपिंग मेला सहित कई मनोरजंक कार्यक्रम होंगे। महोत्सव की पूर्व संध्या पर 14 फरवरी को दोपहर 3.30 बजे पर्यावरण मुक्त एवं स्वस्थ जालोर का संदेश को देती साइकिलोथन साइकिल रैली निकाली जाएगी। वहीं जालोर महोत्सव का आगाज़ 15 फरवरी को शोभायात्रा के साथ होगा। शोभयात्रा में लोक कलाकारों सहित संस्कृति की अमिट छटा नजर आएगी। वहीं तीन दिवसीय महोत्सव में मुख्य आकर्षण का केंद्र पुष्कर के सेंड कलाकार अजय रावत होंगे। रावत रेत से जिले की विभिन्न ऐतिहासिक कलाकृति उकेर कर हर किसी को मंत्रमुग्ध करेंगे। वहीं स्थानीय कलाकारों की ओर से नाटक का मंचन किया जाएगा। तोपखाना में कठपुतली शो व शॉर्ट मूवी वीरमदेव को देखकर हर कोई इस भूमि की वीरगाथा से रूबरू होगा। स्टेडियम प्रांगण में आर्ट गैलेरी में स्थानीय कलाकार कला के माध्यम से सजावट करेंगे। महोत्सव में इस बार कला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कल्प चित्रकला जोधपुर के अजयसिंह, नुपुर मुणोत, लक्षित सोनी व रूबिना शेख कला के माध्यम से जिले के बच्चों को हुनर सिखाएंगे। वहीं जालोर के युवा कवियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से युवा कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। जिसमें जिले के युवा कवि अपनी स्वरचित रचनाओं से श्रोताओं को मोहित करेंगेे। इसके अलावा महोत्सव में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में ख्याति प्राप्त हास्य, व्यंग्य, वीर रस के कवि और गीतकार श्रोताओं का दिल जीतेंगे। महोत्सव में इस बार रन फॉर दौड़ में बेटियों की हिस्सेदारी बढ़ाने के उद्देश्य से अंतर्राष्ट्रीय शूटर माहेश्वरी चौहान दौड़ का नेतृत्व करेंगी।
दूरबीन से देखेंगे स्वर्णगिरी का नजारा
महोत्सव में इस बार दूरबीन से स्वर्णगिरी का नजारा देखने का मौका मिलेगा। इसके अलावा बेस्ट मूमेंट केप्चर्ड अवार्ड का आयोजन किया जाएगा। जिसमें जालोर महोत्सव के तहत तीन दिन तक स्टेडियम प्रांगण में हो रही हलचलों को कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर शेयर करने के बाद उत्कृष्ट बेस्ट मूमेंट केप्चर्ड के तीन प्रतिभागियों को पुरस्कार दिया जाएगा।
नटराज मंच पर तीन दिन तक रहेगी धूम
महोत्सव के तहत स्टेडियम प्रांगण में नटराज मंच पर तीन दिन तक सांस्कृतिक प्रतियोगिता की धूम रहेगी। मंच पर जालोर के कलाकार नृत्य, गायन व समूह लोक नृत्य से रंग जमाएंगे। वहीं मोरू सपेरा ग्रुप के अलावा जालोर के स्थानीय कलाकार ताल से ताल व सुर मिलाकर महोत्सव में चार चांद लगाएंगे।
मन मोहेगी स्वरूप खान की प्रस्तुति
महोत्सव में तीन दिन तक खेल प्रतियोगिताओं के तहत वॉलीबॉल, कबड्डी, बास्केटबॉल, सतौलिया व बेडमिंटन व शतरंज प्रतियोगिता होगी। जिसमें जिले के खिलाड़ी कौशल दिखाएंगे। वहीं इस बार मनोरंजन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। जिसमें मटकी दौड़ व बोरी दौड़ के रोचक मुकाबले होंगे। इसी तरह संगीत नाइट में इंडियन आइडल के स्वरूप खां सुरीले सुरों से महोत्सव को ऐतिहासिक बनाएंगे।

Home / Jalore / जालोर महोत्सव में दिखेगा कला व संस्कृति का अनोखा संगम

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो