
Progress of Sukanya samridhi Yojna in Jalore
जालोर. जिले के कोलर गांव को राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र जोधपुर के निदेशक (डाक सेवाएं) कृष्णकुमार यादव ने सम्पूर्ण बीमा ग्राम घोषित किया है। यादव ने बताया कि कोलर गांव के सभी परिवारों को डाक विभाग ने न्यूनतम एक ग्रामीण डाक जीवन बीमा पॉलिसी जारी की है। उन्होंने बताया कि सम्पूर्ण बीमा ग्राम योजना अक्टूबर 2017 में संचार मंत्री मनोज सिन्हा ने शुरू की थी। यह कदम सामाजिक सुरक्षा कवरेज को बढ़ाने के साथवित्तीय समावेशन में अभिवृद्धि के प्रयासों के तहत किया गया है। इससे गांवों में रहने वाले किसान और गरीब परिवारों को फायदा होगा और उन्हें जीवन सुरक्षा मिलेगी। यादव ने कहा कि डाक विभाग ने नई टेक्नोलॉजी अपनाते हुए कोर इंश्योरेंस सर्विस के तहत मैककेमिश सॉफ्टवेयर के जरिए बीमा सेवाओं को भी ऑनलाइन किया है। हाल ही में डाक जीवन बीमा योजना का दायरा भी बढ़ाया गया है।
पहले यह सरकारी व अद्र्धसरकारी कर्मचारियों तक ही सीमित था जो अब निजी शिक्षण संस्थाओं विद्यालयों, महाविद्यालयों के कर्मचारियों, डॉक्टर्स, इंजीनियर्स, प्रबंधन सलाहकारों, सीए, वास्तुकारों, वकीलों, बैंकर जैसे पेशेवरों और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज समेत मुम्बई स्टॉक एक्सचेंज की सूचीबद्ध कम्पनी के कर्मचारियों के लिए भी उपलब्ध होगी। इस अवसर पर सहायक डाक अधीक्षक जालोर तरुण कुमार शर्मा, अखाराम, डाक निरीक्षक मोहित यादव, मनोज खत्री, खीमराज सोलंकी, मेल ओवर सीर कैलाश भारती, हमीदुल्ला, शाखा डाकपाल सांफाड़ा गोपाराम व लक्ष्मणकुमार सहित अधिकारी मौजूद रहे।
40 हजार सुकन्या खाते खोले
जालोर प्रधान डाकघर सहित सभी द्विपदीय डाकघरों में कुल 22 आधार एनरोलमेंट व अपडेशन सेंटर खोले गए हैं। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत जिले में 40 हजार बेटियों के सुकन्या खाते खोलने के साथ 100 गांवों को शत प्रतिशत सुकन्या समृद्धि गांव बनाया गया है।
जल्द खुलेगा इण्डिया पोस्ट पेमेंट बैंक
डाक निदेशक यादव ने दर्पण प्रोजेक्ट के तहत जिले की सभी डाकघरों को हैन्डहेल्ड डिवाइस के साथ हाईटेक किया जा रहा है। वहीं स्पीड पोस्ट की बुकिंग शुरू की गई है। जालोर प्रधान डाकघर में शीघ्र ही इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खुलेगा। इससे सभी डाकघरों को कनेक्ट किया जाएगा। ताकि ग्रामीणों को उनके द्वार पर वित्तीय सेवाएं मिल सके। इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक गांवों, कस्बों और दूरदराज के बैंकिंग सुविधाओं से वंचित व कम बैंकिंग वाले इलाकों में साख बनाएगा।
इनमें भी कर सकते हैं निवेश
सिरोही-जालोर मंडल के डाक अधीक्षक डीआर सुथार ने बताया कि डाकघर में लोगों की आयु और आवश्यकता के हिसाब से ग्रामीण डाक जीवन बीमा की ग्राम संतोष, ग्राम सुमंगल, ग्राम सुरक्षा, ग्राम सुविधा व ग्राम प्रिया योजनाएं शुरू की गई हैं। इनमें न्यूनतम 10 हजार व अधिकतम 10 लाख रुपए तक का बीमा किया जा सकता है। इसमें निवेश की सुरक्षा पर सरकार की गांरटी, आयकर में छूट, कम प्रीमियम व अधिक बोनस, पॉलिसी पर लोन की सुविधाएं, ऑनलाइन प्रीमियम जमा कराने की सुविधा और अग्रिम प्रीमियम पर छूट दी जाती है।
Published on:
24 Jun 2018, 11:20 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.