scriptजम्मू में मौसम का मिजाज बिगड़ा,भारी बारिश ने लिया बाढ का रूप और लील गई 5 लोगों की जान | heavy rain rain in jammu kashmir,5 died in flood | Patrika News
जम्मू

जम्मू में मौसम का मिजाज बिगड़ा,भारी बारिश ने लिया बाढ का रूप और लील गई 5 लोगों की जान

कहीं सड़कें बह गईं तो कई घर ढह गए…

जम्मूAug 14, 2018 / 05:17 pm

Prateek

patrika photo

patrika photo

(जम्मू): बरसात का मौसम जम्मू में जानलेवा हो गया है। पिछले दो दिन से रुक रुक के बारिश के बाद जम्मू संभाग में पांच लोगों की मौत हो गई। बारिश से भारी तबाही भी हुई है जिसका आंकलन होना बाकी है, लेकिन नुकसान करोड़ों में है।

पानी ने अलग-अलग तरीके से मचाई तबाही

कहीं सड़कें बह गईं तो कई घर ढह गए। भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर हाईवे पांच घंटे और श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग चार घंटे बंद रहा। वाहन घंटों जाम में फंसे रहे। कई संपर्क मार्गो पर भारी पत्थर आ जाने से यातायात प्रभावित रहा। जगह-जगह जलभराव परेशानी का सबब बना। तवी व बसंतर सहित कई नदी नाले उफान पर रहे। जम्मू के बस स्टैंड क्षेत्र में नाले में बाढ़ आने से संजय निवासी ऊधमपुर की बहने से मौत हो गई। वह क्षेत्र में रेहड़ी लगाता था।

 


ऊधमपुर के शिवनगर में बलवंत सिंह के मकान में पानी घुस गया। उनकी 22 वर्षीया पुत्री ¨डपल घर के बाहर नाली से पानी निकाल रही थी कि अचानक पूरी दीवार उसपर गिर गई। काफी मशक्कत के बाद डिंपल को जिला अस्पताल ऊधमपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


उधर, पुंछ जिले की सुरनकोट तहसील के फजलाबाद गांव में तड़के चार बजे बारिश का पानी एक घर में घुस गया। बुजुर्ग मुराद हुसैन व उनकी पत्नी नजमा बी पानी के बहाव को मोड़ने का प्रयास करने लगे। इतने में पेड़ का एक हिस्सा टूट कर बिजली की तार पर गिरा और तार टूट कर दंपती के ऊपर गिरे और दोनों की करंट लगने से मौत हो गई। पुंछ की मंडी तहसील के लौरन क्षेत्र में जावेद इकबाल नदी में बह गया। जावेद को लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन नाकाम रहे।


मूसलधार बारिश रामबन व ऊधमपुर के कई इलाक़ों मे भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया। इसकी जानकारी मिलते ही पत्थरों को हटाने का काम शुरू किया गया। सड़क पर गिरे पत्थर हटाते समय सलीम नामक व्यक्ति के घर को भी नुकसान हुआ है। उधर, जोजिला दर्रे के निकट भी बारिश के चलते भूस्खलन से श्रीनगर-लेह हाईवे दोपहर तक बंद रहा। चार घंटे तक बंद रहने के बाद यातायात फिर से बहाल कर दिया गया।


सांबा जिले में अग्रिम सीमांत क्षेत्र तनवर पोस्ट के पास सुरक्षा बांध के साथ लगाई गई सौ मीटर तारबंदी बाढ़ की चपेट में आकर बह गई है। बीएसएफ के जवान उक्त स्थान पर पूरी नजर रखे हुए हैं और अस्थायी तारबंदी लगाने की तैयारियों में जुटे हुए हैं। मौसम विभाग ने जम्मू संभाग में अगले चार दिनों तक बारिश की सभांवना व्यक्त की है। मौसम विभाग ने 17 अगस्त तक जम्मू संभाग के अधिकतर इलाकों में हल्की से तेज बारिश होने की संभावना जताई है। 18 और 19 को आंशिक बादलों के साथ धूप रहने के आसार हैं। इसके साथ तापमान में गिरावट रहेगी। आ‌द्रता बढ़ने के चलते उमस फिलहाल जारी रहेगी।

Home / Jammu / जम्मू में मौसम का मिजाज बिगड़ा,भारी बारिश ने लिया बाढ का रूप और लील गई 5 लोगों की जान

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो