जांजगीर चंपा

परिसीमन के बाद वार्डों में समान होगी आबादी, नए सिरे से खींची जाएंगी लकीरें

-निकाय चुनाव : नोडल अधिकारियों की हुई नियुक्ति, 25 दिन में प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश – जिले में चार नगरपालिका और 11 नगर पंचायत मेंं होंगे चुनाव, प्रशासन ने शुरू की तैयारी

जांजगीर चंपाJun 04, 2019 / 06:33 pm

Vasudev Yadav

परिसीमन के बाद वार्डों में समान होगी आबादी, नए सिरे से खींची जाएंगी लकीरें

जांजगीर-चांपा. विधानसभा और लोकसभा चुनाव के बाद अब नगरीय निकाय चुनाव की तैयारी शुरू होने वाली है। साल के अंत में यानी नवंबर-दिसंबर में चुनाव हो सकते हैं। शुरूआती क्रम में वार्डों का नए सिरे से परिसीमन होगा। इसके लिए कलेक्टर नीरज कुमार बनसोड़ द्वारा छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम के प्रावधानों के तहत नगरीय निकायों के वार्डों का परिसीमन नए सिरे से करने के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है।
सभी नोडल अधिकारियों को शासन के दिशा निर्देशों के अनुरूप निकायों के वार्डों के परिसीमन का कार्य 25 दिन तक पूर्ण करना होगा। परिसीमन कर वार्डों की आबादी को बराबर किया जाएगा। वर्तमान में वार्डों की आबादी में अंतर हो गया है। किसी वार्ड में 800 की आबादी है तो किसी में 1200 के करीब। ऐसे में परिसीमन कर वार्डों की आबादी को बराबर किया जाएगा। इससे वार्डों की संख्या बढऩे का अनुमान है। हालांकि वास्तविक स्थिति सर्वे पूरा होने के बाद ही पता चलेगी।
यह भी पढ़ें
गोमूत्र की बिक्री कर लखुर्री के किसान कर रहे लाखों की आमदनी, अब लगाएंगे प्यूरीफाई मशीन

नगर पालिका जांजगीर-नैला की बात करें, तो पिछले नगरीय निकाय चुनाव के दौरान परिसीमन से जिला मुख्यालय में 4 वार्ड बढ़ गए थे जिससे वार्डों की संख्या 21 से बढ़कर 25 हो गई थी। वर्ष 2014-15 में वार्डों का परिसीमन हुआ था। चुनाव भी नए परिसीमन के आधार पर कराए गए थे। जिसमें चुनाव में 25 वार्डों में 33 हजार 391 वोटर थे। साढ़े चार सालों में वोटरों की संख्या में अंतर आ गया है।
विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव को लेकर शहर में नए वोटरों के नाम जुडऩेे से मतदाताओं की संख्या बढ़ी है। शहर की सीमाओं से लगे इलाकों को जोडऩेे की स्थिति में वार्ड भी बढ़ सकते हैं। परिसीमन से समान जनसंख्या वाले वार्ड बनाने का प्रयास होगा। राज्य शासन के आदेश के बाद निकायों में इसकी तैयारी शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि परिसीमन की प्रक्रिया जुलाई तक पूरी हो जाएगी।

परिसीमन की जिम्मेदारी इन अफसरों पर
छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम के प्रावधानों के तहत नगरीय निकायों के वार्डों का परिसीमन नये सिरे से करने के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। उन्होंने नगर पालिका परिषद जांजगीर.नैला के लिए जांजगीर तहसील के तहसीलदार प्रमोद गुप्ता, नगर पालिका परिषद चांपा के लिए चांपा के तहसीलदार आरवी शर्मा, नगर पालिका परिषद अकलतरा के लिए अकलतरा के प्रभारी तहसीलदार अनुज कुमार पटेल, नगर पालिका परिषद सक्ती के लिए सक्ती के तहसीलदार वी एक्का और नगर पालिका परिषद बलौदा के लिए बलौदा के नायब तहसीलदार अतुल कुमार वैष्णव को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।

इसी तरह नगर पालिका परिषद जैजैपुर के लिए जैजैपुर के नायब तहसीलदार आकाश गुप्ता, नगर पंचायत डभरा के लिए डभरा के प्रभारी तहसीलदार कृष्णकुमार लहरे और नगर पंचायत शिवरीनारायण के लिए शिवरीनारायण के नायब तहसीलदार आराधना प्रधान को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। उन्होंने नियुक्त सभी नोडल अधिकारियों को शासन के दिशा निर्देशों के अनुरूप निकायों के वार्डों के परिसीमन का कार्य 25 दिन तक पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.