घर चलने से इनकार किया तो कर दी पत्नी और सास की हत्या
फूलमति बीते एक महीने से अपने मायके कोकियाखार में थी। अंबिका उसे तीन दिन पहले अपने घर ले आने आया था पर वह नहीं गई।
जशपुरनगर. एक महीने से मायके में रह रही पत्नी को लेने पहुंचे पति ने पत्नी का इनकार सुनकर टंगिया से हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी जान चली गई। आरोपी ने पत्नी के साथ ही अपनी सास की भी टंगिया से मारकर निर्मम हत्या कर दी। दोनों की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। घटना कोतबा चौकी क्षेत्र के ग्राम कोकियाखार की है।
इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक तपकरा क्षेत्र के ग्राम सिंगीबहार निवासी अंबिका नागवंशी की शादी फूलमति बाई से हुई थी। दोनों से तीन बच्चे हैं। फूलमति बीते एक महीने से अपने मायके कोकियाखार में थी। अंबिका उसे तीन दिन पहले अपने घर ले आने आया था पर वह नहीं गई। सोमवार को वह अपने तीन साथियों को लेकर फिर पत्नी को ले जाने आया। इस दौरान उसकी लड़ाई सास सोहानो बाई से होने लगी। पहले दोपहर विवाद हुआ, जिसे गांव वालों ने सुलझाया और सभी खेत की ओर चले गए। शाम 4 बजे अंबिका फिर से घर पहुंचा और विवाद करने लगा। इस दौरान मोहल्ले में ज्यादा लोग नहीं थे।
पत्नी को ससुराल जाने से सोहानो बाई मना करती थी। इसी विवाद से आग बबूला होकर अंबिका ने टंगिया उठाया और दोनों के गले और सिर में दनादन वार कर दिया। पत्नी के गले में वार करने के बाद वह टंगिया सास के सिर में मार दिया। इस दर्दनाक हादसे में मौके पर ही मां बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना को अंजाम देकर आरोपी अपने दोस्तों के साथ फरार हो गया।