scriptदाल में महंगाई का तड़का: अरहर दाल में 60 रुपए किलो की तेजी, रसोई का बजट गड़बड़ाया | Patrika News
झालावाड़

दाल में महंगाई का तड़का: अरहर दाल में 60 रुपए किलो की तेजी, रसोई का बजट गड़बड़ाया

बीते साल के मुकाबले ही इस साल अरहर दाल के भाव में 60 रुपए प्रति किलो की तेजी आई है। जीरा के भाव एक माह बाद फिर साढ़े तीन सौ रुपए किलो पर आ गए हैं।

झालावाड़Jun 11, 2024 / 04:44 pm

Santosh Trivedi

भवानीमंडी। रसोई पर फिर से महंगाई का असर दिखने लगा है। अरहर दाल में तड़का और सब्जी में छौंक लगाना भी महंगा हो गया है। जीरा के भाव एक माह बाद फिर साढ़े तीन सौ रुपए किलो पर आ गए हैं। एक माह पहले यह 250 रुपए तक बिका है। काली मिर्च, हल्दी भी महंगी हो गई है। मेवा के भाव भी बढ़ गए हैं। अरहर और चना दाल पर भी महंगाई छा गई है। बाजार में अब दालों के भाव में इजाफा होने लगा है।
अरहर की दाल फिर भाव खाने लगी है। बीते साल के मुकाबले ही इस साल इस दाल के भाव में 60 रुपए प्रति किलो की तेजी आई है। व्यवसायी इसके लिए कम पैदावार की वजह बता रहे है। 120 रुपए किलो बिकने वाली अरहर दाल अब 190 रुपए किलो हो गई है। जबकि चना दाल भी 20 रुपए महंगी होकर 90 रुपए किलो बिक रही है। मूंग दाल, उड़द दाल, मसूर दाल के भी दामों में 10 से 20 रुपए किलो की तेजी आई है।

जीरा फिर 350 पार

गत वर्ष जीरे के भाव ने नया रिकार्ड बनाया था। इसके बाद औधे मुंह गिर गया था। बीते माह 250 रुपए किलो तक बिका जीरा अब महंगा हो गया है। खुले बाजार में यह अब 350 रुपए किलो बिक रहा है। काली मिर्च, बड़ी और छोटी इलायची, हल्दी भी महंगी हो गई है। थोक व्यापारी मन्नीदर भाटिया ने बताया कि मखाना, काजू, चिरौंजी और किशमिश के भाव भी बढ़ गए हैं। यह माल की आवक रोकने और सट्टा बाजार की वजह से हो रहा है। काजू अब दो सौ से ढाई सौ रुपए और महंगा हो गया है।

इनका कहना है…..

बाजार में हर खाद्य सामग्री महंगी हो गई है। सरकार चुनाव में लगी रही। महंगाई पर ध्यान नहीं दिया। इससे रसोई का बजट फिर से बिगड़ने लगा है।
सीमा सोलंकी, गृहिणी

अरहर दाल सबसे ज्यादा इस्तेमाल होती है। जीरा की तो हर सब्जी, दाल में जरूरत पड़ती है। गरीबों की रसोई का बजट बिगड़ रहा है। किसी का ध्यान नहीं है।
पुजा गुर्जर, गृहिणी

Hindi News/ Jhalawar / दाल में महंगाई का तड़का: अरहर दाल में 60 रुपए किलो की तेजी, रसोई का बजट गड़बड़ाया

ट्रेंडिंग वीडियो