scriptफसल बीमे का प्रीमियम तुरंत काट रहे, फिर क्लेम के लिए क्यों लगवा रहे चक्कर | Why the premium for crop insurance is cut immediately, then why the cl | Patrika News
झालावाड़

फसल बीमे का प्रीमियम तुरंत काट रहे, फिर क्लेम के लिए क्यों लगवा रहे चक्कर

किसानों ने किया चार घंटे तहसील का घेराव, सर्वे के आश्वासन पर माने

झालावाड़Feb 09, 2019 / 04:23 pm

arun tripathi

KISAN

सर्वे के आश्वासन पर माने

बकानी. तहसील कार्यालय पर भारतीय किसान संघ के सैकड़ों कार्यकताओं ने दोपहर 2 से 6 बजे तक प्रदर्शन कर तहसील का घेराव कर दो सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार अशोक कुमार मित्तल को ज्ञापन सौंपा और आश्वासन नहीं मिलने तक घेराव और प्रदर्शन जारी रखा।
बालाजी गार्डन में तहसील अध्यक्ष मनोहर सिंह चौहान की अध्यक्षता में बैठक कर पैदल एंव वाहन रैली के रूप में कार्यकर्ता तहसील पहुंचे। जहां जिला महामंत्री राधेश्याम गुर्जर ने बताया कि भारतीय किसान संघ ने 1 फरवरी को ज्ञापन दिया था, इसमें 8 दिन में मांगें पूरी करने की बात कही थी, लेकिन ध्यान नहीं दिया।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने खराबे और प्रधानमंत्री बीमा क्लेम की राशि नहीं मिलने की जानकारी दी। इस दौरान किसान संघ को प्रतिनिधी मंडल तहसीलदार से मिला। इस पर तहसीलदार ने उपखण्ड अधिकारी से बात कर दो दिन के बाद खराबे का सर्व कराने का आश्वासन दिया। इससे एक मामला तो शांत हो गया। लेकिन पिछले 2 सालों के प्रधानमंत्री फसल बीमा क्लेम को लेकर वार्ता विफल हो गई। महापड़ाव की चेतावनी के बाद तहसीलदार एंव डिप्टी वृद्धि चन्द ने कार्यकर्ताओं के बात की।
सोमवार 4 बजे उपखण्ड कार्यालय झालावाड़ में बीमा कम्पनी के कर्मचारी एंव प्रशासनिक अधिकारियों एंव किसान संघ के बीच वार्ता की बात कहने पर धरना स्थगित कर दिया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष रघुनाथ सिंह, जिलामंत्री राधेश्याम गुर्जर, जिलाउपाध्यक्ष मनोहर सिंह राठौड़, जिला युवा प्रमुख महेश मेहर, तहसील अध्यक्ष रायुपर मनोहर लाल दांगी, नानूराम लोधा, बाबलसिंह, जसवन्त सिहं, शिवनारायण, रामलाल दांगी, सुजानसिंह सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
हर बार बदल रही बीम कंपनी
भारतीय किसान संघ जिलाध्यक्ष रघुनाथ सिंह ने राज्य सरकार द्वारा दो लाख रुपए की कर्म माफी को छलावा बताते हुए कहा कि धरातल पर कुछ नहीं हुआ। किसान संघ महामंत्री राधेश्याम गुर्जर ने बताया कि हर 6 महिनों में बीमा कम्पनी बदल रही है। खरीफ और रबी फसल का बीमा अलग-अलग कंपनियां करती हैं। किसानों के खाते से बीमे की प्रिमियम की राशि काट ली जा रही है और किसानों को बीमा क्लेम नहीं दिया जा रहा। किसानों ने पटवारियों की हड़ताल पर उंगली उठाते हुए सुनियोजित हड़ताल बताया। जब भी किसानों के काम आते हैं तब पटवारी हड़ताल पर चले जाते हैं। महापड़ाव शुरू होते ही पिड़ावा डिप्टी वृद्धि चन्द, थाना प्रभारी रायपुर लव कुमार, थाना प्रभारी रटलाई मनसीराम, थाना इंजार्च बकानी एएसआई जाहिद अली मय जाप्ते के पहुंचे। इस दौरान तहसीलदार अशोक कुमार मित्तल, नायब तहसीलदार ओम प्रकाश दाधीच भी मौजूद रहे।
टीम ने तीन गौरवपथ के सैम्पल लिए
अकलेरा. उपखंड क्षेत्र के 3 ग्राम पंचायतों के गौरव पथ की झालावाड़ से आई क्वालिटी कंट्रोल की टीम ने निरीक्षण किया और सैंपल लिए। उपखंड अधिकारी सत्यप्रकाश कंस्वा ने बताया कि झालावाड़ क्वालिटी कंट्रोल अधिशासी अभियंता, अकलेरा निर्माण विभाग धिशासी अभियंता की टीम ने ग्राम आसलपुर थनावद और तुरकाडिय़ा में बने गौरवपथ सड़कों के 4 इंच तक के सैंपल लिए। उपखंड क्षेत्र में ग्राम पंचायत और नगर पालिका स्तर पर गौरव पथ पथ निर्माण कार्य हैं। यहां इनकी गुणवत्ता को लेकर पूर्व में कई बार सवाल उठे, लेकिन अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधि की अनदेखी के चलते कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में प्रभारी मंत्री रमेश मीणा के झालावाड़ आगमन पर नव निर्वाचित प्रधान कैलाश मीना ने उन्हें अवगत कराया था। इसके बाद गठित टीम ने सैंपल लिए।
चार दिन बाद दुल्हन गायब, धोखाधड़ी का मामला दर्ज
रायपुर. पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया। थाना क्षेत्र के बानोर निवासी बापू ने प्रकरण दर्ज कराया कि उसके पुत्र राजूलाल का जगन्नाथपूरी निवासी सुरेश सेन ने एक लाख पचास हजार रुपए लेकर 3 अप्रेल 2017 को महाराष्ट्र के रामटेक तहसील के महादूला निवासी दीपिका से झालावाड़ में विवाह कराया। दीपिका चार दिन रूकने के बाद गायब हो गई। इस बारे में जगन्नाथपुरी निवासी सुरेश सेन को बताया तो संतोषप्रद जवाब नहीं दिया। इस पर कोर्ट में इस्तगासा पेश किया, इसके आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया।
चौहान जिला महामंत्री बने
खानपुर. राजस्थान शिक्षक संघ एवं पंचायत राज कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष राजेन्द्र गौतम ने जितेन्द्र सिंह चौहान को संघ का जिला महामंत्री नियुक्त किया। जिलाध्यक्ष ने बताया कि आगामी चुनाव होने तक चौहान को महामंत्री नियुक्त किया है। संघ द्वारा 10 से 20 फरवरी तक सदस्य बनाकर इसके बाद चुनाव सम्पादित कराए जाएंगे। इ
सके बाद जिले की कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
प्रतिभा खोज महोत्सव 14 से
खानपुर. राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड स्थानीय संघ द्वारा 14 फरवरी से युवा सांस्कृतिक प्रतिभा खोज महोत्सव होगा। प्रधानाचार्य अशोक कुमार सोनी ने बताया कि आबाउमावि खानपुर में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता होगी। इसमें चयनित विद्यार्थी 17 फरवरी को झालावाड़ में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता मे भाग लेेंगे। प्रतियोगिता के संचालन व निर्णायक मण्डल में उपखंड अधिकारी भागीरथराम चौधरी, प्रधानाचार्य अशोक कुमार सोनी, भावना डेहरा के अलावा सचिव गिरीश पारीक, सह सचिव चन्दे्रश शर्मा, कोषाध्यक्ष तुफैल अहमद, प्रचार प्रभारी देवेन्द्र पारीक, संगठन प्रभारी हंसराज पांचाल व हिमांशु सक्सेना को बनाया।इस दौरान 16 सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं होंगी।

Home / Jhalawar / फसल बीमे का प्रीमियम तुरंत काट रहे, फिर क्लेम के लिए क्यों लगवा रहे चक्कर

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो