scriptन राजनाथ की चली न उमा की, संघ की बात पर लगी मुहर, बुंदेलखंड की सभी सीटों पर बीजेपी कैंडिडेट घोषित | Bundelkhand BJP candidate list | Patrika News
झांसी

न राजनाथ की चली न उमा की, संघ की बात पर लगी मुहर, बुंदेलखंड की सभी सीटों पर बीजेपी कैंडिडेट घोषित

भारतीय जनता पार्टी ने बुंदेलखंड की सभी चार लोकसभा सीटों पर घोषित किये प्रत्याशी…

झांसीApr 06, 2019 / 07:15 pm

Hariom Dwivedi

   Bundelkhand BJP candidate list

न राजनाथ की चली न उमा की, संघ की बात पर लगी मुहर! बुंदेलखंड की सभी सीटों पर बीजेपी कैंडिडेट घोषित


झांसी. लम्बे इंतजार के बाद भारतीय जनता पार्टी ने बुंदेलखंड की झांसी और बांदा लोकसभा सीट पर पार्टी प्रत्याशी घोषित कर दिये हैं। झांसी से अनुराग शर्मा को तो बांदा से आरके सिंह पटेल को बीजेपी कैंडिडेट बनाया गया है। चर्चा है कि उमा भारती बबीना विधायक राजीव सिंह पारीक्षा या पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत को टिकट दिलाना चाहती थीं, वहीं राजनाथ सिंह झांसी सदर से विधायक डॉ. रवि शर्मा को टिकट दिलाना चाहते थे। ऐसे में अगर किसी को एक टिकट मिलता तो दूसरा धड़ा नाराज हो सकता था। नागपुर में वैद्यनाथ समूह में कार्यरत सुरेश शर्मा जो अनुराग शर्मा के चाचा हैं, नितिन गडकरी से उनके बेहतर सम्बंध बताये जाते हैं। चर्चा है कि गडकरी की सिफारिश और संघ की मुहर के बाद अनुराग शर्मा का झांसी से टिकट फाइनल हुआ है।
बुंदेलखंड एकीकरण समिति के अध्यक्ष अनुराग शर्मा आयुर्वेद दवा कंपनी बैद्यनाथ (झांसी) के डायरेक्टर हैं। उन्हें राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का करीबी माना जाता है। नागपुर में ही उनकी पढ़ाई-लिखाई हुई है। हालांकि, यूं तो वह सक्रिय राजनीति में ज्यादा नहीं रहे, लेकिन उनके पिता पं. विश्वनाथ शर्मा का जरूर राजनीतिक इतिहास रहा है। वह 1974-77 में जिला परिषद, झांसी के अध्यक्ष रहे। इसके बाद वह 1980 से 84 तक झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के सांसद रहे। फिर वह भाजपा में शामिल हुए और 1991 से 96 तक हमीरपुर सीट से भाजपा के सांसद रहे।
आरके सिंह पटेल को बांदा से टिकट
बांदा संसदीय सीट से भाजपा ने अपने मौजूदा सांसद भैरों प्रसाद मिश्र का टिकट काटते हुए राजनीति के माहिर खिलाड़ी व मौजूदा में मानिकपुर सीट से भाजपा के विधायक आरके सिंह पटेल को टिकट दिया है। आरके सिंह पटेल प्रदेश में मंत्री व कई बार विधायक रहे हैं। 2009 से 2014 तक वह बांदा सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद रहे हैं। पिछला लोकसभा चुनाव उन्होंने सपा से पाला बदलकर बसपा के टिकट पर बांदा सीट से लड़ा था। उस चुनाव में वह भाजपा के भैरों प्रसाद मिश्र से चुनाव हार गए थे। फिर 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले वह बसपा से भाजपा में आए और मानिकपुर सीट से विधानसभा का चुनाव लड़ा और जीतकर विधायक बने। अब ऐसा लगता है कि जैसे पार्टी ने उनके तमाम दलों से अनुभव को भुनाने के मकसद से सपा-बसपा गठबंधन की काट के रूप में चुनाव मैदान में उतारा है।
बुंदेलखंड की लोकसभा सीटें
झांसी और बांदा में प्रत्याशियों के नामों के एलान के साथ ही बुंदेलखंड की चारों सीटों पर भाजपा ने अपने प्रत्याशी घोषित कर दिये हैं। हमीरपुर से पुष्पेंद्र सिंह चंदेल तो जालौन से भानुप्रताप वर्मा पर बीजेपी ने दांव लगाया है।
जानें- कौन कहां से
जालौन- भानु प्रताप वर्मा
हमीरपुर- पुष्पेंद्र सिंह चंदेल
झांसी- अनुराग शर्मा
बांदा- आरके सिंह पटेल

Home / Jhansi / न राजनाथ की चली न उमा की, संघ की बात पर लगी मुहर, बुंदेलखंड की सभी सीटों पर बीजेपी कैंडिडेट घोषित

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो