scriptसपा में घमासान, चार नेताओं ने टिकट के लिए ठोंका दावा, मचा हड़कंप | Samajwadi Party candidate for Jhansi loksabha seat | Patrika News

सपा में घमासान, चार नेताओं ने टिकट के लिए ठोंका दावा, मचा हड़कंप

locationझांसीPublished: Mar 15, 2019 09:32:52 am

सपा के हिस्से में आई इस सीट पर आखिर अखिलेश यादव किस पर होंगे मेहरबान…

Samajwadi Party candidate for Jhansi loksabha seat

सपा में टिकट के लिए घमासान, आखिर अखिलेश इनमें से किस पर होंगे मेहरबान

झांसी. लोकसभा चुनाव को लेकर यूपी में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के बीच गठबंधन होने के बाद झांसी सीट समाजवादी पार्टी के खाते में आई है। इससे इस सीट पर टिकट के लिए दावेदारों में घमासान मचा हुआ है। सभी दावेदार अपने-अपने हिसाब से टिकट के लिए दावेदारी जता रहे हैं। सभी के अपने-अपने तर्क हैं। चुनाव लड़ने का मास्टर प्लान है। अब ऐसे में कार्यकर्ताओं की नजर पार्टी के मुखिया के तौर पर अखिलेश यादव की ओर लगी है कि आखिर में वह इस चुनाव में किस पर मेहरबान होते हैं?
ये चार हैं प्रमुख दावेदार

इस लोकसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी से गठबंधऩ होने के कारण नेताओं को जीत की उम्मीद कुछ ज्यादा बढ़ गई है। ऐसे में टिकट के लिए प्रमुख रूप से चार दावेदारों के नाम सामने आ रहे हैं। सभी ने पार्टी हाईकमान से टिकट के लिए कोशिशें तेज कर दी हैं।
दावेदार- 1

डा. चंद्रपाल सिंह यादव- मौजूदा समय में राज्यसभा सदस्य हैं। उनका राज्यसभा कार्यकाल 2020 में पूरा होने जा रहा है। वह 2004 में भी इस सीट से लोकसभा सदस्य चुने गए थे। फिर 2014 में चुनाव हारने के बाद पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव ने उन्हें राज्यसभा में भेजा था। इस बार फिर उनकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही है।
दावेदार- 2

श्याम सुंदर सिंह यादव- पूर्व में दो बार विधान परिषद के सदस्य रहे हैं। वह स्थानीय निकायों में चुने गए जनप्रतिनियों के वोट से होने वाले चुनाव में झांसी- जालौन- ललितपुर क्षेत्र के लिए विधान परिषद में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इस पर वह लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।
दावेदार- 3

दीपनारायण सिंह यादव- गरौठा विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रह चुके हैं। वह पहली बार 2007 में विधायक चुने गए थे। इसके बाद 2012 में फिर चुने गए। वह लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं। पत्नी मीरा यादव मध्यप्रदेश के निवाड़ी विधानसभा से विधायक रह चुकी हैं।
दावेदार- 4

आर पी निरंजन- इनकी पत्नी रमा निरंजन इन दिनों झांसी-ललितपुर-जालौन की संयुक्त विधान परिषद सीट से एमएलसी हैं। वह खुद यहां पॉलीटेक्निक में सर्विस में रहे हैं। पत्नी के विधान परिषद सदस्य चुने जाने के बाद वह स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर राजनीति में आ गए। इस बार वह टिकट के दावेदारों में शामिल हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो