scriptजींद उपचुनाव प्रचार के दौरान बोली नैना चौटाला-मैने अपना दिग्गू थामनै सौंप दिया, इब इसके बारे में थामनै सोचणा है | naina chautala start campaigning in jind for Jannayak Janata Party | Patrika News
जींद

जींद उपचुनाव प्रचार के दौरान बोली नैना चौटाला-मैने अपना दिग्गू थामनै सौंप दिया, इब इसके बारे में थामनै सोचणा है

नैना चौटाला ने कहा कि जींद का उपचुनाव वार्षिक परीक्षा से पहले होने वाला टेस्ट है। यदि आप लोगों ने इस टेस्ट में दिग्विजय चौटाला को ग्यादा अंक देकर पास कर दिया तो जननायक जनता पार्टी की आगामी विधानसभा की परीक्षा आसान हो जाएगी…

जींदJan 18, 2019 / 07:53 pm

Prateek

naina chautala

naina chautala

(जींद): जींद उपचुनाव के दौरान विभिन्न प्रत्याशियों द्वारा अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए किए जा रहे जनसंपर्क कार्यक्रम के अन्तर्गत शुक्रवार को जेजेपी प्रत्याशी दिग्विजय चौटाला की माता श्रीमति नैना चौटाला ने भी मोर्चा संभाल लिया है। अपने इस चुनाव प्रचार अभियान के अन्तर्गत श्रीमति नैना चौटाला महिलाओं से मिल कर उनसे भावुक अपील करती नजर आई। वे कहती हैं कि मैने अपना लाडला बेटा आप लोगों को सौंप दिया है। अब इसके बारे में आप लोगों को ही सोचना है।

 

 

अपने जनसंपर्क अभियान के दौरान आयोजित नुक्कड़ सभाओं में उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए नैना चौटाला ने कहा कि डॉ. अजय चौटाला तो दुष्यंत और दिग्गू को थारे हवाले छोड़कर जेल चले गए सैं। इब ये बालक म्हारे नहीं थारे सैं और थामनै इब इनके बारे में सोचणा सै। जै थामनै दिग्विजय ताहिं जीता दिया तो दिग्गू जींद नै चमका देगा। यो छौरा विधानसभा में थारी आवाज नै पूरै जोर-शोर तै ठावेगा अर जींद के लोगां नै तरक्की की नई राह मिल जावैगी। विदित हो कि श्रीमति नैना चौटाला शुक्रवार को अपने प्रचार अभियान के दौरान तलोडा गांव में आयोजित जन संपर्क अभियान के दौरान आयोजित नुक्कड़ सभाओं को सम्बोधित कर रही थी। इस दौरान नैना चौटाला ने खेड़ तलोड़ा, लोहचब, मनोहरपुर, बरसाना सहित दर्जनभर गांवों के दौरे किए।

 

दिग्विजय चौटाला को ग्यादा अंक देकर पास कर कर दो

 

digvijay

नैना चौटाला ने कहा कि जींद का उपचुनाव वार्षिक परीक्षा से पहले होने वाला टेस्ट है। यदि आप लोगों ने इस टेस्ट में दिग्विजय चौटाला को ग्यादा अंक देकर पास कर दिया तो जननायक जनता पार्टी की आगामी विधानसभा की परीक्षा आसान हो जाएगी। नैना चौटाला ने महिलाओं से भावुक अपील करते हुए कहा कि यदि डॉ. अजय चौटाला जेल से बाहर होते तो आपके अपने इन बच्चों को इतनी ज्यादा तकलीफों का सामना नहीं करना पड़ता। डॉ. अजय चौटाला के जेल जाने के कारण ही इन बच्चों को इतनी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। दुष्यंत व दिग्विजय की बढ़ती लोकप्रियता से डर कर सभी विरोधी दल आपके इन बच्चों के खिलाफ आए दिन साजिश रच रहे हैं। लेकिन आप लोगों के आशीर्वाद के कारण आपके ये बच्चे निरंतर आगे बढ़ते जा रहे हैं। नैना चौटाला ने कहा कि जिस तरह से आप लोगों ने 9 दिसंबर को जींद में आयोजित रैली में अपनी ताकत दिखाने का काम किया था ठीक उसी तरह 28 जनवरी को भी विरोधियों को अपनी ताकत का ऐहसास करवा देना।

 

 

इस बार महिलाएं डलवाएंगी अपने परिवार का वोट

नैना चौटाला ने कहा कि आम तौर पर महिलाएं घर के पुरुषों के कहने पर अपना वोट डालती आयी हैं। लेकिन इस बार ऐसा नहीं होना चाहिए। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से अनुरोध किया कि इस बार वे लोकतंत्र के इस महापर्व में स्वयं आगे बढ़ कर भाग लें और अपने परिवार के अन्य सदस्यों के वोट भी डलवाने का कार्य करें। नैना चौटाला ने कहा कि हम सब इस बात को अच्छी तरह से जानते हैं कि महिलाएं जिस काम को अपने हाथ में ले लेती हैं उसे पूरा कर के ही दम लेती हैं। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि यदि आप लोगों ने अपने बेटे दिग्विजय को विधानसभा में भेजने के लिए जोर लगा दिया तो ऐसी कोई ताकत ही नहीं है जो दिग्विजय का रास्ता रोक सके।

Home / Jind / जींद उपचुनाव प्रचार के दौरान बोली नैना चौटाला-मैने अपना दिग्गू थामनै सौंप दिया, इब इसके बारे में थामनै सोचणा है

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो