थानाधिकारी लिखमाराम बटेसर के अनुसार कनिष्का गेस्ट हाउस के संचालक ने रात को फलोदी क्षेत्र के उग्रास निवासी प्रकाश (२३) पुत्र कानाराम सैन का शव फंदे पर लटका देखने के बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस की सूचना पर मृतक का भाई मौके पर पहुंचा। शव महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया। मृतक के पास एक सुसाइड नोट भी मिला है। शव का पोस्टमार्टम गुरुवार को कराया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि मृतक प्रकाश कुछ दिन पहले एक महिला को भगाकर गुजरात ले गया था। पन्द्रह दिन बाद दोनों लौट आए थे। महिला के परिजन ने शेरगढ़ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने बयान लेने के बाद महिला को घरवालों के साथ भेज दिया गया था। शेरगढ़ थानाधिकारी भवानीसिंह का कहना है कि महिला ने खुद की मर्जी से उसके साथ जाने की जानकारी दी थी।
उधर, महिला के घरवालों के साथ जाने पर प्रकाश को यह आशंका सताने लगी कि महिला ने पुलिस में उसके खिलाफ बयान दिए हैं। पुलिस अब उसके खिलाफ कार्रवाई कर सकती है। इसी आशंका के चलते उसने फंदा लगा आत्महत्या कर ली। वह दोपहर में गेस्ट हाउस पहुंचा था और कमरा लेकर अंदर चला गया था। रात तक जब वह बाहर नहीं आया तो गेस्ट हाउस संचालक को आशंका हुई। कमरे में देखने पर वह फंदे पर लटका मिला था।