एम्स में भर्ती मंडोर निवासी वृद्ध (73) का निधन हो गया। ये फुली वैक्सीनेटेड थे। ये क्रोनिक किडनी डिजीज से भी ग्रसित थे। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड निवासी वृद्धा (80) का भी निधन हो गया। इन्होंने टीका भी नहीं लगवाया था। ये कार्डियक मरीज थी।
18 दिन में 9177 जने संक्रमित और 5 की मौत नववर्ष के 18 दिन में जोधपुर में कोरोना से 9177 संक्रमित हुए हैं। इन दिनों में 5 मौतें हो चुकी है। 7115 जने डिस्चार्ज हुए हैं। जोन व ब्लॉकवार संक्रमितों का आंकड़ा देखें तो प्रतापनगर-59, शहर परकोटा-66, उदयमंदिर-27 , महामंदिर-33, मसूरिया-59, शास्त्रीनगर-80, मधुबन-195, रेजिडेंसी-73 और बीजेएस जोन से 78 संक्रमित मिले। मंडोर बनाड़ से 45, सालावास लूणी से 18, बिलाड़ा से 20, ओसियां से 21, बावड़ी से 4, फलोदी से 2 , शेरगढ़ से 5 और बालेसर से 16 जने संक्रमित मिले हैं।
सरदारपुरा स्थित छात्रावास से 8 संक्रमित मिले
सरदारपुरा स्थित राजपुरोहित छात्रावास में एक साथ 8 जने पॉजिटिव आए हैं। इतने केस एक साथ मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है।
नगर निगम में कोरोना का धावा नगर निगम दक्षिण आयुक्त अरुण कुमार पुरोहित भी पॉजिटिव आए हैं। इसके अलावा नगर निगम के कई इंजीनियर,अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी पॉजिटिव हैं। एक साथ इतने जने पॉजिटिव आने के बाद निगम कर्मचारियों में भय व्याप्त हो गया है। विशेषकर क्रोनिक डिजीज वाले कर्मचारी डर गए हैं। उनकी मांग हैं कि फिलहाल निगम में कुछ दिन भीड़ इकट्टा न होने दी जाए।
डॉक्टर्स भी कोरोना की चपेट में
एम्स व डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट, सीनियर डॉक्टर्स व उनके परिजन भी पॉजिटिव आ रहे हैं। इस कारण मेडिकल महकमे में भी भय का माहौल है। कई सीनियर डॉक्टर्स ने घर मरीज देखना बंद कर दिया है। इसके अलावा कुछेक डॉक्टर की पत्नी भी पॉजिटिव आई है।
2977 जनों ने लगवाई प्रिकॉशन डोज जिले में कोविड वैक्सीनेशन मंगलवार को 221 साइट्स पर हुआ। इसमें 4 सौ हेल्थ वर्कर्स, 585 फ्रंटलाइन वर्कर्स ने प्रिकॉशन डोज लगवाई। इसके अलावा 1992 सीनियर सिटीजन ने प्रिकॉशन डोज लगवाई। किशोर वर्ग में 2745 को टीका लगाया गया। कुल प्रथम डोज 7929 जनों ने जाकर लगवाई। द्वितीय डोज लगवाने वालों की संख्या 6678 रहीं। टीकाकरण की धीमी गति को लेकर विभाग भी परेशान है।