script20 साल बाद वार्ड अध्यक्ष बनाने की परंपरा फिर शुरू करेगी कांग्रेस | Congress will resume tradition of making ward president after 20 years | Patrika News
जोधपुर

20 साल बाद वार्ड अध्यक्ष बनाने की परंपरा फिर शुरू करेगी कांग्रेस

वार्ड पुनर्गठन की संपूर्ण प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद कांग्रेस वार्डवार मीटिंग करेगी।

जोधपुरAug 12, 2019 / 09:09 pm

Abhishek Bissa

Congress will resume tradition of making ward president after 20 years

20 साल बाद वार्ड अध्यक्ष बनाने की परंपरा फिर शुरू करेगी कांग्रेस

जोधपुर. विधानसभा व लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस ने निकाय चुनाव को लेकर आंतरिक तैयारियां शुरू कर दी हैं। वहीं अब शहर जिला कांग्रेस बूथ स्तर पर मॉनिटरिंग सुढृढ़ करने के लिए वार्ड अध्यक्ष बनाएगी। वार्ड पुनर्गठन की संपूर्ण प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद कांग्रेस वार्डवार मीटिंग करेगी। मीटिंग के माध्यम से टिकट वितरण को लेकर कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलेगी।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने अंतिम बार साल 1999 में वार्ड अध्यक्ष बनाए थे। उसके बाद वार्डों में किसी तरह से अध्यक्ष नहीं बने। शहर में 65 से 100 वार्ड बनाए जाने की घोषणा के बाद शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से एक बार फिर वार्ड अध्यक्ष बनाए जाने का निर्णय लिया गया है। जबकि साल 2009 में 65 वार्ड बनाए जाने की घोषणा के दौरान भी नए वार्ड अध्यक्ष नहीं बनाए गए थे। इन 20 सालों में कई वार्ड अध्यक्ष तो दिवंगत हो चुके हैं, कुछेक जगह पर पुराने वार्ड अध्यक्ष अभी तक जमे हैं। ऐसे में कांग्रेस सौ वार्डों में नए सिरे से अध्यक्ष बनाएगी।
एक साल से विस्तार के इंतजार में ब्लॉक कार्यकारिणी

शहर जिला कांग्रेस कमेटी के कुल 6 ब्लॉक हंै। इनमें सरदारपुरा विधानसभा क्षेत्र के उदयमंदिर, महामंदिर, शहर विधानसभा क्षेत्र के सर्राफा बाजार, शास्त्रीनगर और सूरसागर विधानसभा क्षेत्र में चौपासनी हाउसिंग बोर्ड व सूरसागर ब्लॉक हैं। डेढ़ वर्ष पहले शहर व सूरसागर विस क्षेत्र में ब्लॉक अध्यक्ष बदले गए थे, इन ब्लॉक अध्यक्षों ने अपनी कार्यकारिणी के विस्तार की सूचना प्रदेश कांग्रेस कार्यालय भेजी हैं, जिसकी अभी तक कोई स्वीकृति नहीं आई है। दूसरी ओर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का मानना है कि निकाय चुनाव से पहले कार्यकारिणी बनेगी तो नए कार्यकर्ता भी पार्टी से जुड़ेंगे। जबकि कांग्रेस ने अभी तक यूथ कांग्रेस की कार्यकारिणी का विस्तार भी नहीं किया है।
इनका कहना
वार्ड पुनर्गठन के बाद मीटिंग करेंगे। हर वार्ड में सीनियर साथ रहेंगे। वार्ड अध्यक्ष भी बनाएंगे। खाली पदों को भी भरा जाएगा।

– सईद अंसारी, जिलाध्यक्ष, शहर जिला कांग्रेस कमेटी

कार्यकारिणी जल्द बन जाएगी। हमने कार्यकारिणी बनाकर भेज दी है। दरअसल, विधानसभा व लोकसभा चुनाव के कारण विलंब हुआ है।
– प्रीतम शर्मा, अध्यक्ष, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड ब्लॉक

Home / Jodhpur / 20 साल बाद वार्ड अध्यक्ष बनाने की परंपरा फिर शुरू करेगी कांग्रेस

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो