scriptगला घोंटकर महिला श्रमिक की हत्या, छत पर मिला शव | Female labour murdered by strangulation, dead body found on terrace | Patrika News
जोधपुर

गला घोंटकर महिला श्रमिक की हत्या, छत पर मिला शव

– फैक्ट्री से कॉलोनी लौटी, लेकिन घर नहीं पहुंची थी महिला, दूसरे दिन बगैर सीढि़यों वाले कमरे की छत पर मिला शव

जोधपुरJan 20, 2024 / 12:38 am

Vikas Choudhary

गला घोंटकर महिला श्रमिक की हत्या, छत पर मिला शव

छत से महिला का शव नीचे लाते हुए।

जोधपुर।
बासनी थानान्तर्गत डर्बी कॉलोनी में झाडि़यों के पास कमरे की छत पर शुक्रवार दोपहर एक महिला श्रमिक का संदिग्ध हालात में शव मिला। पुलिस को अंदेशा है कि गला घोंटकर किसी ने उसकी हत्या की है। फिलहाल जांच के बाद शव मोर्चरी में रखवाया गया है।
थानाधिकारी जितेन्द्रसिंह ने बताया कि मूलत: बिहार में भोजपुर हाल डर्बी कॉलोनी निवासी मुन्नीदेवी (56) पत्नी लक्ष्मण कुमार सोनी की संदिग्ध हालात में मौत हुई है। प्रथम दृष्टया किसी के गला घोंटकर हत्या करने की आशंका है। एफएसएल से जांच के बाद शव एम्स मोर्चरी भिजवाया गया, जहां शनिवार को बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुत्र की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी पहलूओं के आधार पर जांच की जा रही है। महिला के जेवर सुरक्षित बताए जाते हैं।
मजदूरी से कॉलोनी आई, लेकिन घर नहीं पहुंची
पुलिस का कहना है कि मृतका का पति गांव में ही रहता है। महिला स्टील बर्तन बनाने वाली फैक्ट्री में काम करती थी। वह गुरुवार शाम साढ़े सात बजे फैक्ट्री से कॉलोनी आई थी। मुख्य गेट से अंदर जाने के बावजूद वह घर नहीं पहुंची थी। तीनों पुत्रों ने रात को तलाश की, लेकिन मां का पता नहीं लग पाया। सुबह पुत्र अपने-अपने काम पर चले गए थे। दोपहर में झाडि़यों के पास मां का टिफिन व पानी की बोतल मिली। पास ही कमरे की छत पर शव नजर आ गया।
कैसे पहुंची छत पर, सीढि़यों तक नहीं
पुलिस का कहना है कि कमरे की छत पर महिला का शव मिला, लेकिन छत तक जाने के लिए सीढि़यां तक नहीं है। ऐसे में महिला छत तक कैसे पहुंची इसकी भी जांच की जा रही है।

Hindi News/ Jodhpur / गला घोंटकर महिला श्रमिक की हत्या, छत पर मिला शव

ट्रेंडिंग वीडियो