10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

कानों में रूई ठूंस कर बैठे अफसर, शहर में अवैध निर्माणों की बाढ़

-अवैध निर्माण के हादसों के बाद भी सबक नहीं ले रहा प्रशासन,राजस्थान आवासन मंडल के अफसर बेपरवाह
2 min read
Google source verification
Housing Board Employees Sitting,Floods Of Illegal Constructions

बासनी. कुड़ी मुख्य बाजार रोड पर बिना पार्किंग छोड़े चल रहा निर्माण।

-ऐसा लगता है कि सबकुछ मिलीभगत का खेल चल रहा है
-कुड़ी हाउसिंग बोर्ड में नियमों की उड़ रही धज्जियां
बासनी (जोधपुर).
शहर में भी भले ही एक के बाद एक हादसा होता रहे, राजस्थान आवासन मंडल के अफसरों की कुम्भकर्णी नींद नहीं टूट रही है। शहर के बासनी, चौपासनी, पाल रोड क्षेत्र में भी अवैध निर्माणों की बाढ़ आ रखी है। आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक कॉम्पलेक्स खड़े किए जा रहे हैं।

आवासन मंडल की आवासीय कॉलोनियों में भी नियम-कायदों की खुलकर धज्जियां उड़ाई जा रही है, लेकिन मंडल के अफसर आंखों पर पट्टी और कानों में रूई डाल कर बैठे हैं।
शहर के कुड़ी के विभिन्न आवासीय सेक्टरों में धड्ल्ले से व्यावसायिक इमारतें बनाई जा रही है। इतना ही नहीं नियम विरुद्ध बेसमेंट तक खोदे जा रहे हैं। जबकि नियमानुसार आवासीय क्षेत्र में व्यावसायिक निर्माण कार्य करवाना भी गलत है, लेकिन आवासन मंडल की शह से यहां अवैध निर्माण बदस्तुर जारी है।

शहर में हाल ही में आवासीय क्षेत्र में व्यावसायिक निर्माण कार्य के दौरान हुई भयावह घटना ने भले ही शहर को हिला कर रख दिया हो, लेकिन आवासन मंडल इन घटनाओं से कोई सबब नहीं ले रहा है। बासनी पत्रिका टीम ने जब पड़ताल की तो कुड़ी के कई सेक्टरों में व्यावसायिक इमारतें बनती दिखाई दी।

आवासीय क्षेत्र में नहीं है प्रावधान
क्षेत्र में धड्ल्ले से हो रहे अवैध निर्माण के बावजूद आवासन मंडल की कार्यप्रणाली जहां संदेह पैदा कर रही है, वहीं आवासन मंडल से जुड़े अफसरों का कहना था कि आवासीय क्षेत्र में किसी भी प्रकार का व्यावसायिक निर्माण व व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करना अवैध है। इस पर मंडल की ओर से कार्रवाई की जा सकती है। लेकिन अब तक क्या कार्रवाई हुई, मंडल के पास कोई जवाब नहीं है।

मंडल की कार्यप्रणाली संदेह के घेरे में
जिस प्रकार से आवासीय क्षेत्र में व्यावयायिक निर्माण हो रहे हैं। उसके बावजूद भी मंडल की ओर से कार्रवाई नहीं किए जाने से मंडल की भूमिका पर भी संदेह खड़ा होने लगा है। क्योंकि जहां अवैध रुप से निर्माण किया जा रहा है, वहीं से कुछ ही दूरी पर आवासन मंडल का कार्यालय है। इसके बावजूद भी मंडल के अफसर जानबूझ कर निर्माण को अनदेखा कर रहे हैं।

पार्किंग की नहीं व्यवस्था
नियमों का उलंघन कर जहां व्यावसायिक निर्माण कार्य जारी है। अगर व्यावसायिक अनूमति के हिसाब से भी देखा जाए तो किसी भी प्रकार के निर्माण के लिए पार्किंग के लिए जगह छोडऩा जरुरी है, लेकिन यहां ऐसा होता नहीं दिखाई दे रहा है।
यहां चल रहे कायदों के परे निर्माण
कुड़ी के लगभग सभी क्षेत्रों में आंख मूंद कर व्यावसायिक निमार्ण जारी है, लेकिन मुख्य रुप से कुड़ी सेक्टर 1, सेक्टर छह मुख्य बाजार, सेक्टर आठ में व्यावसायिक निर्माण व बिना अनुमति निर्माण कार्य चल रहे हैं।

हादसे होने के बाद भी नहीं जाग रहे
आवासीय क्षेत्रों में बिना अनुमति व्यावसायिक निर्माण व इमारतों के चलते शहर में हाल ही में सरदारपुरा, चौपासनी, भीतरी शहर में कई हादसे हो चुके हैं। इसके बाद हरकत में आए प्रशासन ने कई जगहों पर अवैध रुप से चले रहे व्यावसायिक निर्माण के विरुद्ध कार्रवाई की थी, लेकिन आवासन मंडल अब तक हाथ पर हाथ धरे ही बैठा है।

-नोटिस दे रहे हैं
आवासीय क्षेत्र में व्यावसायिक निर्माण व व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करना गलता है। आवासन मंडल के क्षेत्राधिकार में ऐसा करने वालों को मंडल की ओर से नोटिस दिए जा रहे हैं।
केएस चौधरी, उपायुक्त आवासन मंडल

Read More: रावण हत्था की धुन के साथ योगाभ्यास, देखें वीडियो

Read More: सड़क पर लहूलुहान लाश को देख सहमे लोग, हत्या पर कार्रवाई को लेकर आपस में उलझी पुलिस