scriptन सिर्फ जान का खतरा बल्कि 6489 लाइसेंस हो चुके हैं निलम्बित | Not only life threatening but 6489 licenses have been suspended | Patrika News
जोधपुर

न सिर्फ जान का खतरा बल्कि 6489 लाइसेंस हो चुके हैं निलम्बित

लोगो- मौका-ए-सावधान- वाहन चलाने के दौरान एमवी एक्ट के नियमों की पालना करें, मोबाइल का उपयोग न करें- मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने पर 2330, तेज रफ्तार के 18032 व शराब पीकर वाहन चलाने के 4 चालान

जोधपुरDec 09, 2021 / 12:07 am

Vikas Choudhary

न सिर्फ जान का खतरा बल्कि 6489 लाइसेंस हो चुके हैं निलम्बित

न सिर्फ जान का खतरा बल्कि 6489 लाइसेंस हो चुके हैं निलम्बित

जोधपुर.
वाहन चलाने के दौरान मोबाइल का उपयोग, खतरनाक/तेज रफ्तार और शराब के नशे में वाहन चलाना व गलत तरीके से ओवरटेक करना। अमूमन सड़क हादसों के पीछे यही कारण रहते हैं। इनसे न सिर्फ जान का खतरा होता है, बल्कि चालान होने पर लाइसेंस तक निलम्बित कर दिए जाते हैं। वर्ष 2021 में दस महीने के दौरान पुलिस कमिश्नरेट जोधपुर में 6971 लाइसेंस निलम्बन के लिए परिवहन विभाग को भेजे गए हैं और इनमें से 6489 लाइसेंस निलम्बित भी हो चुके हैं। लाइसेंस के निलम्बन कम से कम तीन माह के लिए किए जा रहे हैं।
एमवी एक्ट के निम्न नियम तोडऩे पर होते हैं लाइसेंस निलम्बित
– क्षमता से अधिक भार परिवहन करना।
– भार वाहनों में यात्रियों को बिठाकर वाहन चलाना।
– नशे में वाहन चलाना।
– तेज गति व खतरनाक तरीके से वाहन चलाना।
– वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात या उपयोग करना।
– ट्रैफिक सिग्नल लाइटों का उल्लंघन करना।
शराब पीकर वाहन चलाने पर दस हजार तक जुर्माना
मोटर व्हीकल एक्ट के नए प्रावधानों के लागू होने के बाद से जुर्माना राशि में कई गुना बढ़ोतरी हो चुकी है। अब यदि कोई वाहन चालक नशे में वाहन चलाते पकड़ा जाता है तो उस पर पांच हजार से दस हजार रुपए तक जुर्माना राशि जमा करानी होगी। वहीं, मोबाइल पर बात करने व खतरनाक या तेज रफ्तार में वाहन चलाने पर एक हजार रुपए जुर्माना लग रहा है।
नशे में वाहन चलाने की कार्रवाई में कमी
कोरोना के बाद से शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगभग नगण्य हो गई हैं। संक्रमण से बचने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर ब्रीथ एन्हलाइजर से जांच नहीं की जा रही है। यही वजह है कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ वर्ष 2021 में तीस अक्टूबर तक सिर्फ चार चालान बनाए गए हैं।
दुर्घटनाओं से बचने के लिए निम्न सावधानियां बरतें…
सहायक पुलिस आयुक्त (पश्चिम) रविन्द्र बोथरा का कहना है कि एमवी एक्ट के नियमों की पालना से सड़क दुर्घटना से बचा जा सकता है। सड़क हादसों से बचने के लिए मोटे तौर पर निम्नलिखित कारण रहते हैं…
– वाहन चलाने के दौरान मोबाइल का उपयोग न करें। न तो मोबाइल पर बात करें व न ही कोई अन्य उपयोग करें। इससे न सिर्फ दुर्घटना से बचा सकता है, बल्कि यातायात में भी बाधा उत्पन्न नहीं होती है।
– शराब पीकर कभी भी वाहन न चलाएं। ऐसा करते पाए जाने और चालान बनने पर पांच हजार से दस हजार रुपए तक जुर्माना वसूला जाएगा।
– खतरनाक व तेज रफ्तार में वाहन चलाने से बचें। इससे न सिर्फ खुद की जान बल्कि सामने वाले वाहन में सवार की जान को भी खतरा रहता है।
– गलत तरीके और बगैर समुचित आंकलन या हॉर्न बजाकर ओवरटेक न करें। यदि कहीं गोलाई है तो ओवरटेक से बचें।
– पैदल चलने के लिए फुटपाथ का ही उपयोग करें। सड़क पर पैदल न चलें।
– सर्दी का मौसम है। कोहरा व धुंध भी रहने की संभावना है। ऐसे में वाहन चलाते समय सावचेती बरतें। धीमे रफ्तार में चलें।
परिवहन विभाग को भेजे लाइसेंस निलम्बन की कार्रवाई
वर्ष………….िनलम्बन को भेजे……..निलम्बित किए………..निलम्बन होना शेष
2019…………10765……………………10765…………………..00
2020…………5180……………………..5180…………………….00
2021…………6971……………………..6489…………………….482
———————————————————-
प्रमुख चालान के आंकड़ों पर नजर…
शीर्षक…………………वर्ष 2019 में चालान…….वर्ष 2020 में चालान…..वर्ष 2021 में चालान
तेज रफ्तार………………..12003……………..516……………..18032
नशे में वाहन चलाना………….1557………………969…………….0004
मोबाइल का उपयोग…………..4217……………..2090…………….2330
ओवरलोड सवारी……………..680………………278……………..446
ओवरलोड माल भरना………….665………………214……………..446
(नोट : यह आंकड़े जनवरी से 30 अक्टूबर तक की अवधि के तुलनात्मक हैं और यातायात पुलिस से प्राप्त हैं)
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो