scriptगणेश चतुर्थी: जैकारे के बीच बप्पा के भक्तों ने लगाया 51 हजार मोदक का भोग | Video: Ganesha Chturthi celebration | Patrika News
जोधपुर

गणेश चतुर्थी: जैकारे के बीच बप्पा के भक्तों ने लगाया 51 हजार मोदक का भोग

रातानाडा गणेश मंदिर में उमड़े श्रद्धालु

जोधपुरSep 05, 2016 / 06:13 pm

Nidhi Mishra

Ganesha Chaturthi

Ganesha Chaturthi

देवी देवताओं में प्रथम पूज्य गणनायक भगवान गणेश का जन्मोत्सव गणेश चतुर्थी सूर्यनगरी में सोमवार को श्रद्धा-भक्ति के माहौल में हर्षोल्लास से मनाया गया। घरों-मंदिरों और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सजे अस्थाई मंडपों में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के साथ ही 15 सितम्बर अनंत चतुर्दशी तक आयोज्य गणेश महोत्सव का शुभारंभ किया गया। घरों मंदिरों में गणपति को प्रसन्न करने के लिए दूब, पुष्प सहित गणेश को प्रिय मोदक के लड्डूओं व चूरमे का भोग लगाकर संपन्नता, समृद्धि और सौभाग्य की कामना की गई।
ALSO READ: 550 साल पहले जोधपुर की इस चट्टान से प्रकट हुए थे ‘परिवर्तनकारी गणपति’

बप्पा के भक्त गणपति को अस्थाई मंडपों एवं घरों में विराजित करने के लिए सुविधानुसार मुहूर्त के समय का इंतजार करते रहे। सोजतीगेट स्थित गढ़ लंबोदर गणेश मंदिर, जूनी धान मंडी स्थित गुरु गणपति मंदिर में दिन भर भक्तों की रेलमपेल रही। गणपति के भक्तों ने दिन भर उपवास रखकर सभी विघ्न बाधाओं को दूर रखने की कामना के साथ पूजन किया। रातानाडा गणेश मंदिर में रिद्धि-सिद्धि सहित गणपति प्रतिमा का मनोहारी शृंगार किया गया। भक्तों के सहयोग से निर्मित 51 हजार लड्डूओं का भोग लगाने के बाद हुई महाआरती के दौरान समूचा मंदिर परिसर गणपति बप्पा के जैकारों से गूंज उठा। 
मंदिर में 11 दिवसीय गणपति महोत्सव का विधिवत शुभारंभ राज्य सभा सदस्य नारायण पंचारिया, जेडीए अध्यक्ष डॉ. महेन्द्रसिंह राठौड़, महापौर घनश्याम ओझा, जिला कलक्टर बिष्णुचरण मल्लिक ने मंदिर शिखर पर ध्वजारोहण कर किया। ध्वजारोहण समारोह में महापौर घनश्याम ओझा व जेडीए अध्यक्ष डॉ. महेन्द्रसिंह राठौड़ ने आगामी गणेश चतुर्थी तक मंदिर सौन्दर्यकरण एवं विकास की घोषणा की। 
ALSO READ: गणपति महोत्सव: पिता की तरह नटराज मुद्रा में नजर आएंगे गजानन, प्रतिमा होगी इको फ्रेंडली

मंदिर के सामने प्राचीन रातानाडा तालाब के सौन्दर्यकरण के लिए मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन योजना के तहत विकास किया जाएगा। रातानाडा गणेश मंदिर के पुजारी आनंद स्वरूप, मोतीलाल, कृष्णमुरारी, सुरेश व महेश अबोटी व प्रदीप शर्मा के सान्निध्य में सुबह ब्रह्मवेला में हुई महाआरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
जोधपुर गणेश चतुर्थी महोत्सव : एक नजर में

10 हजार से अधिक प्रतिमाएं जोधपुर जिले में विराजित

2 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए रातानाडा गणेश मंदिर में दर्शन।

5 बजे सुबह से रात्रि 12 बजे तक गणेश मंदिर में सुगम दर्शन व्यवस्था
51 हजार मोदक से निर्मित लड्डूओं का लगा भोग

11 दिन चलेगा गणपति महोत्सव

15 सितम्बर अनंत चतुर्दशी को होगी बप्पा की प्रतिमाओं का विसर्जन

500 से अधिक गणपति प्रतिमाओं की स्थापना शिवसेना की ओर से
1 करोड़ से अधिक मोदक लड्डूओं की बिक्री जोधपुर में 

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो