scriptयहां घर के बाड़े में ही हो रही थी अफीम की खेती, पुलिस ने यूं धर दबोचा | video: illegal opium cultivation in house of Jodhpur caught | Patrika News
जोधपुर

यहां घर के बाड़े में ही हो रही थी अफीम की खेती, पुलिस ने यूं धर दबोचा

राजस्थान के जोधपुर के एक घर में अफीम की खेती पकड़ी गई। शहर में ये पहली बार पकड़ी गई है।
 

जोधपुरFeb 24, 2018 / 08:00 am

Nidhi Mishra

illegal opium cultivation in house of Jodhpur caught

illegal opium cultivation in house of Jodhpur caught

मण्डोर थाना पुलिस ने पालड़ी मांगलिया गांव में शुक्रवार देर शाम घर की चार दीवारी में बने बाड़े में अफीम की खेती कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। अफीम के 2147 पौधे भी जब्त किए गए हैं। जोधपुर शहर व आस-पास अफीम की खेती पकडऩे की यह पहली कार्रवाई है। छह दिन पहले जिले की खेड़ापा थाना पुलिस ने हतुण्डी गांव में खेत से अफीम के 51080 पौधे जब्त किए थे।
सहायक पुलिस आयुक्त (मण्डोर) मोटाराम ने बताया कि शाम को पुलिस पालड़ी क्षेत्र में गश्त पर थी। इस दौरान पालड़ी मांगलिया गांव में अफीम की खेती किए जाने की सूचना मिली। थानाधिकारी प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में उप निरीक्षक उमेश विश्नोई व अन्य ने छोटूराम जाट के मकान में दबिश दी। मकान के चारों तरफ ऊंची दीवार बना रखी थी। पुलिस ने मकान में प्रवेश किया तो छोटूराम बाड़े में अफीम के डोडा में चीरा लगाकर अफीम का दूध निकाल रहा था। वह पुलिस को देख भागने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। रात तक चली कार्रवाई में मौके से 2147 पौधे बरामद हुए। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पालड़ी मांगलियान निवासी छोटूराम (50) पुत्र बुद्धाराम जाट को गिरफ्तार किया। मथानिया थानाधिकारी को जांच सौंपी गई है। कार्रवाई में हैड कांस्टेबल गणपत सिंह, अमर सिंह, कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह, लक्ष्मण सिंह व सुशीला शामिल थे।
घर के चारों तरफ 8 फुट ऊंची दीवार

थानाधिकारी प्रदीप शर्मा का कहना है कि आरोपी छोटूराम ने मकान के परिसर में ही बाड़े में तीन-चार माह पूर्व अफीम के पौधे लगाए थे। वर्तमान में इन पौधों पर डोडा उगने लगे थे। छोटूराम डोडों में चीरा लगाकर अफीम का दूध निकाल रहा था। आरोपी ने आस-पास के लोगों के साथ पुलिस से बचने के लिए आठ फुट ऊंची बाहरी दीवार बना रखी थी। वहीं, अंदर की दीवार पांच से छह फुट ऊंची है। अंदेशा है कि वह लम्बे समय से यह खेती कर रहा था। इस संबंध में उससे पूछताछ की जा रही है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो