कल्याणपुर आवास विकास की रहने वाली महिला ने सीओ कल्याणपुर को अपनी दास्तां बतायी। महिला ने बताया कि पति शराब व जुए का लती है। 16 सितंबर को पति के साथ पांच युवक घर आए। पति ने पहले पांचों युवकों के साथ जमकर शराब पी। इसके बाद जुआ खेलने लगा। धीरे-धीरे करके वह सारे रुपए हार गया। वह यह सब देख रही थी पर उसे बर्दाश्त नहीं हो रहा था।
महिला ने बताया कि सारे रुपए हारने के बाद जब महिला ने जुआ खेलने का विरोध किया तो पति ने जमकर पिटाई कर दी। पीटने के बाद पति ने दोस्तों को इशारा किया और देखते ही देखते उसके सामने ही पांचों युवकों ने उसे पकड़ लिया और उसकी आबरू लूटने का प्रयास किया। युवकों के चंगुल में फंसी महिला ने शोर मचाया और किसी तरह उनसे बचकर वह रसोई घर में जा छिपी और दरवाजा अंदर से बंद करके खुद को बचाया।
पति के दोस्तों के घर से जाने के बाद महिला ने कंट्रोल रूम फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद कल्याणपुर के एक दरोगा और कुछ पुलिस कर्मी घर पहुंचे। पुलिस महिला को थाने लेकर पहुंची। वहां करीब एक घंटे तक बैठाए रखने के बाद पारिवारिक विवाद बताकर उसे भगा दिया। सीओ कल्याणपुर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, कार्रवाई जल्द होगी।