scriptसत्ता में वापसी के लिए भाजपा ने तय किया चार माह का एजेंडा,पार्टी खेलने वाली है यह बडा दांव | bjp's rally in karnal on 28 sept,BJP's four-month agenda for election | Patrika News
करनाल

सत्ता में वापसी के लिए भाजपा ने तय किया चार माह का एजेंडा,पार्टी खेलने वाली है यह बडा दांव

पंचकूला जिले में मोरनी की पहाड़ियों के बीच स्थित वन विभाग के गेस्ट हाउस में भाजपा नेतृत्व ने हरियाणा सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की तैयारियों पर चिंतन किया…

करनालSep 06, 2018 / 06:02 pm

Prateek

(चंडीगढ़): हरियाणा में सत्तारूढ भाजपा ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में फिर सत्ता में वापसी के लिए अगले चार माह का एजेंडा तय कर लिया है। इस एजेंडे में आगामी 28 अक्टूबर को करनाल में प्रदेश स्तर की एक रैली का आयोजन भी शामिल है। यह रैली पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार के चार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित की जाएगी। हालांकि पार्टी अगले साल होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए पहले से ही सक्रिय है लेकिन करनाल रैली में चुनाव अभियान को और मजबूती दी जायेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस रैली को संबोधित करने के लिए आमंत्रित करने की योजना भी है।

 

पंचकूला जिले में मोरनी की पहाड़ियों के बीच स्थित वन विभाग के गेस्ट हाउस में भाजपा नेतृत्व ने हरियाणा सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की तैयारियों पर चिंतन किया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार होने का आह्वान किया। उन्होंने मंत्री से लेकर बूथ कार्यकर्ता तक को चुनाव की दृष्टि से व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए, वहीं सभी पदाधिकारियों को एक टीम के तौर पर काम करने पर जोर दिया। इसी प्रकार भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि मंत्री और बोर्ड एवं निगम के चेयरमैन राजनीतिक गतिविधियां बढ़ाएं तथा सरकार की योजनाओं को आम जन के बीच प्रभावी तरीके से लेकर जाएं। यही नहीं बूथ स्तर तक होने वाले आयोजनों में वरिष्ठ पदाधिकारियों को अहम भूमिका निभाने के निर्देश भी दिए गए।

 

चिंतन के बाद यह तय किया गया कि भाजपा हरियाणा में जीत की निरंतरता को बरकरार रखने के लिए अगले चार महीने तक न केवल आमजन को बदलाव का अहसास करवायेगी अपितु कार्यकर्ताओं में भी जोश भरा जाएगा। इस दौरान संगठन और सरकार के स्तर पर लगातार आयोजन होंगे। आगामी 13 व 14 सितम्बर को रोहतक में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 16 सितम्बर को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की कालजयी कविताओं पर अलग-अलग स्थानों पर काव्यांजलि पाठ आयोजित किए जाएंगे। तुरन्त ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से पण्डित दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिन 25 सितम्बर तक कार्यान्जली सेवा सप्ताह आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्वास्थ्य जांच शिविर, पौधारोपण आदि आयोजनों के साथ आयुष्मान भारत अभियान के बारे में भी आमजन को जागरूक किया जाएगा।

 

भाजपा सरकार के 4 साल पूरे होने पर अलग-अलग स्थानों पर उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही 28 अक्टूबर को करनाल में प्रदेश स्तरीय रैली के साथ चुनावी बिगुल फूंका जाएगा। जिला स्तर पर महिला सम्मेलनों का आयोजन कर महिलाओं से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा होगी। अक्टूबर माह में शक्ति केंद्र स्तर पर सम्मेलन तथा नवम्बर माह में बूथ स्तर पर सम्मेलन पूरे प्रदेश में आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन 25 दिसम्बर को सुशासन दिवस पर बूथ पर पंजीकृत कार्यकर्ताओं का महाकुम्भ आयोजित किया जाएगा।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो