scriptकासगंज हिंसा: तनाव के मद्देनजर शहर के स्कूल बंद, अब तक 39 उपद्रवी गिरफ्तार | school closed after kasganj violence update news in hindi | Patrika News
कासगंज

कासगंज हिंसा: तनाव के मद्देनजर शहर के स्कूल बंद, अब तक 39 उपद्रवी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के कासगंज में दूसरे दिन आगजनी और तोड़फोड़ के बाद शाम तक हालात तो सामान्य हो गए, लेकिन तनाव बरकरार है।

कासगंजJan 27, 2018 / 06:40 pm

मुकेश कुमार

कासगंज हिंसा
कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज में दूसरे दिन आगजनी व तोड़फोड़ के बाद शाम तक हालात तो सामान्य हो गए, लेकिन तनाव बरकरार है। 26 जनवरी को तिरंगा यात्रा के दौरान हुई हिंसा के बाद शनिवार को भी शहर में आगजनी, तोड़फोड़ जैसी घटनाएं हुईं। उपद्रवियों ने बस और छह दुकानों में आग लगा दी। पुलिस अब तक 39 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं डीएम आरपी सिंह ने हालात सामान्य होने तक कक्षा एक से आठ तक के स्कूलों को बंद करने के आदेश दिए हैं।
 

आला अधिकारियों ने गश्त की
कासगंज में हिंसा के बाद बिगड़ते हालातों को संभालने के लिए एडीजी लॉ एंड आर्डर अजय आनंद, कमिश्नर सुभाष चंद्र शर्मा और आईजी संजीव गुप्ता सुबह से ही शहर में डेरा जमाए हुए थे। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा बल के साथ गश्त की। शाम पांच बजे शहर के हालात सामान्य हो गए, लेकिन तनाव बरकरार है। पूरे शहर को छवानी में तब्दील कर दिया गया है। आरएएफ, पीएसी, पुलिस के जवानों को जगह-जगह तैनात कर दिया गया है।
 

अब तक 39 उपद्रवी गिरफ्तार
एडीजी अजय आनंद ने बताया कि हालात को देखते हुए शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं। उपद्रवियों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब तक 39 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर चुकी है। उन्होंने बताया कि शहर में जहां जहां जरूरत थी, वहां पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया है। सुरक्षा बल के जवान लगातार गश्त कर रहे हैं।
 

अराजकतत्वों पर कड़ी नजर
दूसरे दिन आगजनी व तोड़फोड़ की घटनाओं पर अलीगढ़ जोन के कमिश्नर सुभाष चंद्र शर्मा ने कहा कि मृतक चंदन गुप्ता के अंतिम संस्कार कर लौट रहे कुछ उपद्रवियों ने दोपहर डेढ़ दो बजे कुछ दुकानों व वाहनों में आग लगा दी थी। फिलहाल हालात सामान्य है। अराजक तत्वों पर सुरक्षा बलों की कड़ी नजर बनी हुई है। उधर, डीएम आरपी सिंह ने हालात सामान्य होने तक कक्षा एक से आठ तक के स्कूलों को बंद करने के आदेश दिए हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो