script#Changemakers: शुरू हुआ वादों का दौर… जानिए क्या कह रहे हैं मुड़वारा (कटनी )  के संभावित प्रत्याशी | promises of potential candidates in katni | Patrika News
कटनी

#Changemakers: शुरू हुआ वादों का दौर… जानिए क्या कह रहे हैं मुड़वारा (कटनी )  के संभावित प्रत्याशी

किसी ने रोजगार को दिया महत्व तो कोई मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर दे रहा जोर

कटनीOct 10, 2018 / 07:44 pm

shivpratap singh

promises of potential candidates in katni

हमारा उम्मीदवार कैसा हो

कटनी. मुड़वारा (कटनी ) विधानसभा में कई समस्याएं अब भी हल नहीं हो पाई हैं। मौजूदा विधायक से लेकर विभिन्न दलों के दावेदारों ने विधानसभा की तस्वीर बदलने का रोडमैप बना रखा है। किसी की नजर में ट्रैफिक बड़ी समस्या है तो किसी जलप्लावन से मुक्ति दिलाने का चैलेंज ले रखा है। अंडरब्रिज से घिरे शहर में सभी दावेदार ओवरब्रिज बनवाने का दावा कर रहे हैं। बेरोजगारी प्रमुख समस्या के रूप में उभरकर सामने आई है। विकासकार्यों को गति देने के लिए नया मार्ग बनाने का सपना विभिन्न पार्टी के दावेदारों ने देखा है। पत्रिका अभियान से प्रेरित होकर सामने आए चेंजमेकर भी विधानसभा की समस्याओं को दूर करने का अपना रोडमैप तैयार किए हैं।


भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करेंगे
आम आदमी पार्टी से मुड़वारा विधानसभा प्रत्याशी व चेंजमेकर सुनील मिश्रा कहते हैं कि विधानसभ क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की हालत खराब है। जिला अस्पताल में डॉक्टर्स व स्टॉफ मरीजों का इलाज तक नहीं कर रहे हैं। इसकी मॉनीटरिंग करने की जरूरत है। सरकारी स्कूलों की हालत बद से बद्तर होती जा रही है जबकि शिक्षा के नाम पर करोड़ों रुपए बहाए जा रहे हैं। इस दिशा में काम करेंगे। भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करेंगे। मिश्रा कहते हैं कि वे विधायक निधी का पैसा जनता से पूछकर खर्च करेंगे। २४ घंटे उपलब्ध रहेंगे। ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना, अवैध कालोनियों को वैध करने की प्रक्रिया सहित मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर जोर देंगे।


युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएंगे
चेंजमेकर सौरभ नायक कहते हैं कि बीते ७० वर्षों में जिले में एक भी नया उद्योग नहीं लगा। उद्योगों व बड़ी कंपनियों की स्थापना यहां करवाकर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएंगे। सरकारी कॉलेजों में नये कोर्स और टेक्नीकल डिग्री की सुविधा नहीं है। यही हाल सरकारी स्कूलों का है, जहां बच्चों को बेहतर शिक्षा नहीं मिल रही है। सबसे पहले शासकीय सुविधाओं व संस्थानों में सुविधा बेहतर उपलब्ध करवाएंगे। अस्पताल में डॉक्टर है न ही पर्याप्त स्टॉफ। विशेषज्ञों की कमी है। इन समस्याओं को दूर करवाया जाएगा। रेलवे के अंडरब्रिजों पर ओवरब्रिज का निर्माण, रिंग रोड का निर्माण सहित मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने प्राथमिकता होगी।


नये उद्योगों की स्थापना जरूरी
कांग्रेस से प्रमुख दावेदारों में शामिल मिथलेश जैन बेरोजगारी प्रमुख समस्या मानते हैं। युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए नये उद्योगों की स्थापना हो। शहर का यातायात दुरस्त किया जाना जरूरी है। पढ़ाई के लिए उच्च शिक्षा संस्थानों की स्थापना, रेलवे के अधिकांश अंडरब्रिज पर ओवरब्रिज का निर्माण, नगरनिगम सीमा में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना, आमआदमी का नगरनिगम व शासकीय कार्यालयों में काम समय पर पूरा सहित अन्य एजेंडे होंगे।


विस्थापितों को पट्टा जरूरी
कांग्रेस से प्रमुख दावेदारों में शामिल गुमान सिंह का कहना है कि जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना करवाना प्रमुख एजेंडा होगा। युवाओं को अधिक से अधिक बेरोजगारी भत्ता दिया जाना चाहिए। शहर की सड़कों का चौड़ीकरण, अंडरब्रिज पर ओवरब्रिज का निर्माण, विस्थापित परिवारों को पट्टा दिया जाना चाहिए। इन कार्यों को प्रमुखता देंगे।


मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे
भाजपा से प्रमुख दावेदारों में शामिल रामरतन पायल मानते हैं कि विधानसभा क्षेत्र में विकासकार्य किए गए हैं। उनका कहना है कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। नये ओवरब्रिज और सड़कों का निर्माण होना जरूरी है। शहर का विकास ही प्रमुख एजेंडा होगा।


गावों को शहर की तरफ डेवलप किया जाएगा
भाजपा से प्रमुख दावेदारों में शामिल अशोक विश्वकर्मा कहते हैं कि शासकीय स्कूल व अस्पतालों में व्यवस्थाएं ठीक करने की जरूरत हैं। विधानसभा क्षेत्र के गावों को शहर की तरफ डेवलप किया जाना जरूरी है। नये और बड़े निर्माण कार्य होने जरूरी हैं। शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। युवा वर्ग शिक्षित होगा तो उन्हें रोजगार भी उपलब्ध होगा।

Home / Katni / #Changemakers: शुरू हुआ वादों का दौर… जानिए क्या कह रहे हैं मुड़वारा (कटनी )  के संभावित प्रत्याशी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो