
street-lights-closed-in-many-places-due-to-not-changing-shabby-poles
कटनी. एक ओर जहां शहर के लोग बिजली की अंधाधुंध कटौती व फाल्ट के कारण भीषण गर्मी में परेशान हैं तो वहीं रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी भी बिजली की समस्या से परेशान हैं। प्लेटफॉर्म नं. 5 के पीछे रेलवे कॉलोनी की स्ट्रीट लाइट पिछले कई दिनों से बंद होने के कारण कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी नाइट ड्यूटी करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को हो रही है। कर्मचारियों की मानें तो इस संबंध में जिम्मेदार रेल अधिकारियों को समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। कर्मचारियों ने कहा कि रात के अंधेरे में घर जाने में समस्या होती है। क्षेत्र में आसामाजिक तत्वों का डेरा भी बना रहता है। बारिश का दौर चालू हो गया है, ऐसे में कीड़े-पतंग भी दिखाई नहीं देते। कॉलोनी में कौन व्यक्ति आ रहा है या जा रहा है इसका भी पता नहीं चता। इस कॉलोनी में रेलवे अस्पताल भी है। अस्पताल में आने जाने वाले कर्मचारियों, मरीजों व उनके परिजनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
स्टेशन पहुंचने का है मुख्य मार्ग
उल्लेखनीय है कि इस कॉलोनी से सत्यनारायण मंदिर, मस्तराम अखाड़ा, खिरहनी फाटक सहित जुहला बायपास की ओर से रेलवे स्टेशन आने वाले यात्री भी इन्हीं कॉलोनियों के रास्ते से होकर पहुंचते हैं। रात में अंधेरा होने के कारण कभी भी हादसा होने का डर बना रहता है। घुप अंधेरा होने के कारण यदि रेलवे अधिकारी-कर्मचारियों के परिजनों को रात में कहीं जाना होता है समस्या होती है। कॉलोनी के लोगों ने शीघ्र ही समस्या का समाधान कराए जाने मांग की है।
इनका कहना है
कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट बंद है इसकी मुझे कोई जानकारी नहीं है। बिजली बंद होने की किसी ने शिकायत भी नहीं दर्ज कराई। यदि कोई समस्या हो तो सीपीआरओ से बात कर सकते हैं।
सुरेंद्र यादव, सीनियर डीइइ जनरल।
Published on:
21 Jun 2019, 11:25 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.