scriptबूथ जीतो-चुनाव जीतो का मंत्र देने वाले कांग्रेस नेता अपना ही बूथ हारे | Win booth-Congress leader giving victory to win election booth | Patrika News
कटनी

बूथ जीतो-चुनाव जीतो का मंत्र देने वाले कांग्रेस नेता अपना ही बूथ हारे

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की बड़ी हार, भाजपा के पदाधिकारी बूथ बचाने में रहे कामयाब

कटनीMay 26, 2019 / 12:57 pm

raghavendra chaturvedi

congress

congress

कटनी. लोकसभा चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों का फोकस बूथ जीतने पर रहा। चुनाव से पहले पार्टी के बड़े नेता कार्यकर्ताओं को एकजुटता के साथ बूथ जीतने का मंत्र देते रहे। जिलास्तर के पदाधिकारी गांव और नगर मंडलम के सदस्यों को बूथ पर फोकस करने की बात कहते रहे। इन सबके बीच कांग्रेस पार्टी के जिला पदाधिकारी पार्टी उम्मीदवार को अपने ही बूथ से जीत नहीं दिला पाए। भाजपा के पदाधिकारी इस मामले में कामयाब रहे। कटनी में कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष से लेकर युवक कांग्रेस और एनएसयूआइ के जिलाध्यक्ष के बूथ में कांग्रेस पार्टी हार गई।
कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष गुमान सिंह के बूथ क्रमांक 156 में भाजपा को 386 तो कांग्रेस को 189 मत मिले। शहर जिलाध्यक्ष मिथिलेश जैन के बूथ क्रमांक 244 में भाजपा को 279 व कांग्रेस को 132 मत मिले। युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मनु दीक्षित के बूथ क्रमांक 110 में भाजपा को 276 तो कांग्रेस को 147 मत मिले। जिलाध्यक्ष एनएसयूआइ अंशु मिश्रा के बूथ में भाजपा में 282 तो कांग्रेस को 84 मत और माधवनगर चुनाव प्रभारी झम्मटमल ठारवानी के बूथ में भाजपा को 388 व कांग्रेस को 137 मत मिले।
यह बात अलग है कि इस मामले में जिले के भाजपा के पदाधिकारी बूथ जीतने में कामयाब रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष पीतांबर टोपनानी के बूथ में कांग्रेस को 159 तो भाजपा को 552 मत मिले। इसी प्रकार विधायक मुड़वारा संदीप जायसवाल के बूथ में 73-428, महापौर शशांक श्रीवास्तव 200-557, भाजयुमो जिलाध्यक्ष मृदुल द्विवेदी 53-361 व नगर अध्यक्ष रामरतन पायल के बूथ में कांग्रेस को 81 तो भाजपा को 290 मत मिले हैं, हालांकि पायल बताते हैं कि उनका बूथ 109 है। यहां भाजपा को 4 सौ और कांग्रेस को 87 मत मिले हैं।

Home / Katni / बूथ जीतो-चुनाव जीतो का मंत्र देने वाले कांग्रेस नेता अपना ही बूथ हारे

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो