खंडवा

election 2022- चुनावी माहौल में अरुण यादव गुट फिर पड़ा भारी

-खंडवा, बुरहानपुर के निस्कासित जिलाध्यक्षों की 5 माह बाद हुई वापसी-निकाय चुनाव को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सौंपा अस्थाई प्रभार

खंडवाMay 20, 2022 / 11:25 am

मनीष अरोड़ा

खंडवा, बुरहानपुर के निस्कासित जिलाध्यक्षों की 5 माह बाद हुई वापसी

खंडवा.
निमाड़ में कांग्रेस की राजनीति में एक बार फिर अरुण यादव गुट भारी पड़ा है। पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव को लेकर पांच माह पूर्व निस्कासित कांग्रेस अध्यक्षों की वापसी हुई है। लोकसभा उपचुनाव के दौरान मिली कांग्रेस की हार का जिम्मेदार बताकर खंडवा और बुरहानपुर के शहर और जिला कांग्रेस अध्यक्ष को हटाया गया था। अब पंचायत व नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस ने दोबारा इन पर भरोसा जताते हुए बहाल किया है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के निर्देश पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव की सहमति से संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर ने गुरुवार को पत्र जारी किया है। जिसमें आगामी आदेश तक खंडवा ग्रामीण जिलाध्यक्ष ओंकार पटेल, शहर अध्यक्ष इंदलसिंह पंवार, बुरहानपुर जिलाध्यक्ष किशोर महाजन व शहर अध्यक्ष अजय रघुवंशी को पुन: बहाल करते हुए जिम्मेदारी सौंपी गई है। उल्लेखनीय है कि पिछले साल लोकसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद कांग्रेस प्रत्याशी ठा. राजनारायण सिंह समर्थकों ने अरुण यादव समर्थित चारों अध्यक्षों पर निष्क्रियता के आरोप लगाए थे। जिसके बाद दिसंबर में चारों अध्यक्षों को निष्कासित कर दिया गया था। बता दें कि निमाड़ की राजनीति में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव का दबदबा रहा है। ओबीसी आरक्षण के मामले में ओबीसी नेता होने से एक बार फिर निमाड़ में उनकी चली है, जिसके चलते अरुण यादव समर्थित अध्यक्षों को बहाल करना पड़ा है।
हाईकमान के इस फैसले से हम असंतुष्ट
कांग्रेस विधानसभा प्रत्याशी रहे कुंदन मालवीय गुरुवार को हुई कांग्रेस अध्यक्ष की बहाली को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि जिन कारणों से अध्यक्षों को हटाया गया था वह अभी भी कायम है, आगामी चुनाव को लेकर उनकी बहाली जायज नहीं है। इसे लेकर कांग्रेस का एक बहुत बड़ा खेमा नाराज है। इस मामले में कांग्रेस नेता कुंदन मालवीय शुक्रवार को भोपाल में हाईकमान के सामने विरोध दर्ज कराएंगे।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.