scriptअपनों की खैरियत जानने के लिए कोविड अस्पताल के बाहर भीड़ | Crowd outside Kovid Hospital to know the well being of his loved ones | Patrika News
खंडवा

अपनों की खैरियत जानने के लिए कोविड अस्पताल के बाहर भीड़

वार्ड में भर्ती मरीज परेशान हो रहे है तो बाहर मरीज के परिजन अपनों की खैरियत जानने के लिए कोविड के खतरे को भी नजर अंदाज कर रहे है।

खंडवाApr 12, 2021 / 10:21 am

harinath dwivedi

Crowd outside Kovid Hospital to know the well being of his loved ones

Crowd outside Kovid Hospital to know the well being of his loved ones

खंडवा. कोविड अस्पताल में बढ़ते मरीजों की संख्या के बाद व्यवस्थाएं भी गड़बड़ाने लगी है। अंदर वार्ड में भर्ती मरीज परेशान हो रहे है तो बाहर मरीज के परिजन अपनों की खैरियत जानने के लिए कोविड के खतरे को भी नजर अंदाज कर रहे है। वार्ड में भर्ती मरीजों की शिकायत है कि समय पर भोजन, पानी और अन्य व्यवस्थाएं नहीं मिल पा रही है। वहीं, बाहर मरीजों के परिजन भी अंदर भर्ती मरीज के बारे में जानकारी नहीं मिलने की शिकायत कर रहे हैं।
कोविड वार्ड ३०१ में भर्ती खालवा के मरीज ने फोन पर बताया कि शौचालय में नल बंद पड़े है। पीने का पानी भी उपलब्ध नहीं है। वे चल फिर नहीं पा रहे हैं, बाथरूम तक जाने के लिए कोई व्हील चेयर भी नहीं ला रहा है। वहीं, ४०१ में भर्ती मरीज ने बताया कि उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है, लेकिन सांस लेने में परेशानी है। वे शुगर के मरीज है, समय पर नाश्ता, खाना उन्हें लगता है। यहां सुबह ११ बजे नाश्ता आ रहा है तो दोपहर में दो से ढाई के बीच खाना। वहीं, ४०१ में भर्ती एक अन्य मरीज ने बताया कि पहले घर से समय पर खाना आ जाता था। अब चाय-नाश्ता, खाने का कोई समय ही नहीं रह गया है। इसी तरह से अन्य मरीज भी परेशान हो रहे है। कोविड अस्पताल के बाहर मरीजों के परिजनों की भीड़ भी लग रही है। अंदर भर्ती मरीजों की बिगड़ती हालत की जानकारी लेने के लिए मरीज के परिजन परेशान हो रहे है। बाहर कोई जवाबदार मौजूद नहीं होने से कोई जानकारी भी नहीं मिल पा रही है। अमलपुरा से आए युवक ने बताया कि उसके पिता दो दिन से भर्ती है। उनके पास फोन भी नहीं है, मैं उन्हें फोन देने के लिए आया हूं, ताकि कम से कम वे अपनी हालत बता सकें, लेकिन दो घंटे से कोई ऊपर जाकर उन्हें फोन भी नहीं दे रहा है।
ऑक्सीजन लेवल देखने वाला नहीं
५०२ में भर्ती बुजुर्ग मरीज के परिजन ने बताया कि ऊपर वार्ड में व्यवस्था पूरी तरह से गड़बड़ाई हुई है। उनके चाचा का शनिवार रात को वीडियो कॉल आया, उनकी स्थिति बात करने लायक भी नहीं थी। वीडियो में देखा तो मानिटर पर उनका ऑक्सीजन लेवल ५०-५५ दिखा रहा था। वे घर से तुरंत भागकर अस्पताल आए। यहां डॉक्टर्स से संपर्क किया, वहीं, ऊपर ड्यूटी पर मौजूद एक युवक ने जाकर देखा तो तुरंत ऑक्सीजन जार में पानी डाला। डॉक्टर ने पहुंचकर उन्हें आयसोलेशन में शिफ्ट किया। अब उनके चाचा को बायपेप पर रखा गया है।

Home / Khandwa / अपनों की खैरियत जानने के लिए कोविड अस्पताल के बाहर भीड़

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो