scriptहनुवंतिया में 20 दिसंबर से चौथा जल महोत्सव, पांच साल तक लगी रहेगी टैंट सिटी | hanuwantiya jal mahotsav 2019 dates and Hanuwantiya Route Map | Patrika News
खंडवा

हनुवंतिया में 20 दिसंबर से चौथा जल महोत्सव, पांच साल तक लगी रहेगी टैंट सिटी

पर्यटन स्थल हनुवंतिया पर हाउस बोट के साथ इस बार स्वीमिंग पूल भी पर्यटकों के लिए उपलब्ध

खंडवाNov 22, 2019 / 09:53 pm

राजीव जैन

hanuwantiya jal mahotsav 2019

hanuwantiya jal mahotsav 2019

खंडवा . इंदिरा सागर के अथाह जल से घिरे पर्यटन स्थल हनुवंतिया पर चौथे जल महोत्सव की घोषणा हो गई है। चौथा जल महोत्सव 20 दिसंबर से 20 जनवरी तक एक माह के लिए आयोजित होगा। भाजपा के शासन काल में दूसरे जल महोत्सव में शिवराजसिंह कैबिनेट की बैठक के बाद कांग्रेस कार्यकाल में पहली बार हो रहे जल महोत्सव में कमलनाथ सरकार की कैबिनेट की बैठक की भी तैयारी चल रही है। जल महोत्सव में केरल की हाउस बोट की तर्ज पर बनी बोट तो आकर्षण का केंद्र रहेगी ही। चौथे जल महोत्सव में इस बार पर्यटकों के लिए स्वीमिंग पूल की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। हनुवंतिया पर्यटन स्थल पर चौथे जल महोत्सव की तिथि तय कर दी गई है। इस बार जल महोत्सव एक माह का होगा। राजस्थान की सनसेट डेजर्ट कंपनी टैंट सिटी बना रही है। इसकी खासियत यह रहेगी कि पूरे पांच साल तक इसे यथावत रखा जाएगा। इससे जल महोत्सव के बाद भी सालभर पर्यटकों के लिए कॉटेज उपलब्ध रहेंगे। उल्लेखनीय है कि यहां आम दिनों में पर्यटन विभाग के 10 कॉटेज फुल रहने से पर्यटकों को निराश होना पड़ता था।
hanuwantiya tapu hanuwantiya resort and Narmda Latest Water Level
IMAGE CREDIT: Patrika

दो साल से बंद पड़े हाउस बोट होंगे चालू
चौथे जल महोत्सव में दो साल से बंद पड़े हाउस बोट को भी बैक वाटर में उतारने की तैयारी की जा रही है। केरल की तर्ज पर बने ये हाउस बोट पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। हाउस बोट के संचालन से जल महोत्सव की रौनक भी बढ़ेगी। दूसरे जल महोत्सव के दौरान खोजे गए नागरबेड़ा टापू, बोरियामाल टापू पर भी पर्यटक पहुंचे इसके लिए भी पर्यटन विभाग काम कर सकता है। ये दो टापू विकसित होने पर पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा हो सकता है।
30 लाख की लागत से बन रहे स्वीमिंग पूल
तीन ओर से अथाह बैक वाटर से धिरे होने के बाद भी यहां स्वीमिंग का आनंद नहीं लिया जा सकता। पर्यटन बोर्ड अब यहां 30 लाख की लागत से दो स्वीमिंग पुल का निर्माण कर रहा है। इससे आने वाले पर्यटक यहां स्वीमिंग का भी मजा ले सके। 18 बाय 10 मीटर लंबे-चौड़े व 4 फीट गहरे दो स्वीमिंग पुल बनाए जा रहे है। एक स्वीमिंग पूल बड़ों के लिए और दूसरा बच्चों के लिए होगा।
दूसरे जल महोत्सव में आई थी सरकार
पर्यटन केंद्र हनुवंतिया को बढ़ावा देने के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने दूसरे जल महोत्सव के दौरान 3 अगस्त 2017 में अपनी केबिनेट की बैठक का भी आयोजन यहां किया था। ये कैबिनेट की बैठक क्रूज पर आयोजित की गई थी। तीसरे जल महोत्सव में भी पर्यटन हाल में कैबिनेट की बैठक का आयोजन हुआ था। अब चौथे जल महोत्सव में कांग्रेस की कमलनाथ सरकार की कैबिनेट बैठक हनुवंतिया में होने की संभावना जताई जा रही है। प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट इस बात का संकेत भी दे चुके हैं।
इतने दिनों चले जल महोत्सव
पहला जल महोत्सव 12 फरवरी से 21 फवरी 2016 तक दस दिन चला था।
दूसरा जल महोत्सव 15 दिसंबर 2016 से 15 जनवरी 2017 तक एक माह चला।
तीसरा जल महोत्सव 15 अक्टूबर 2017 से 2 जनवरी 2018 तक 80 दिन तक चला।
चौथा जल महोत्सव 20 दिसंबर 2019 से 20 जनवरी 2020 तक एक माह चलेगा।

Home / Khandwa / हनुवंतिया में 20 दिसंबर से चौथा जल महोत्सव, पांच साल तक लगी रहेगी टैंट सिटी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो