scriptठंड से ठिठुरा खंडवा जिला, सालों का रिकॉर्ड टूटा | Khandwa district, chilled by cold, broke the record of years | Patrika News
खंडवा

ठंड से ठिठुरा खंडवा जिला, सालों का रिकॉर्ड टूटा

गुरुवार को रहा कोल्ड डे, शीतल लहर की संभावना, शुक्रवार को 5.0 डिग्री रहा तापमान

खंडवाJan 28, 2022 / 09:21 pm

harinath dwivedi

cold.jpg
खंडवा. उत्तर भारत में चल रही शीतलहर ने जिले में भी असर दिखाना शुरू कर दिया है। कंपकंपा देने वाली ठंड के चलते पूरा जिला इन दिनों ठिठुर रहा है। आलम यह कि शुक्रवार को जिले में ठंड का कई 10 साल पुराना रिकार्ड टूट गया और न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री तक जा लुढ़का। इसके पहले 2012 में न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था। बता दें कि जनवरी के अंतिम सप्ताह में तापमान में लगातार गिरावट जारी है। शुक्रवार को रात का तापमान 5.0 पर पहुंच गया। जो इस सीजन में सबसे कम रहा। इसके पहले दस साल पहले तापमान दर्ज हुआ था। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी कोल्ड डे घोषित किया था इसके साथ ही शीतल लहर की संभावना भी है। गुरुवार शाम से ही ठंडी हवा से ठिठुरन होने लगी जो रात को बढ़ गई। लोग अलाव व हिटर से ठंड का असर कम करते नजर आए। शुक्रवार सुबह ठंडी हवा चली व धूप भी निकली लेकिन वो बेअसर सी रही।
30 जनवरी तक रहेगा ठंड का असर
पिछले कुछ दिनों से उत्तर-पश्चिमी हवा चल रही है। इससे तापमान में गिरावट दिख रही है। मौसम विभाग के अनुसार 30 जनवरी तक इस तरह की स्थिति बनी रह सकती है। वही ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने व गर्म कपड़े पहनने की सलाह भी दी है।
ठंड से जनजीवन हुआ प्रभावित
जिले के तापमान में उतार-चढ़ाव का क्रम बना हुआ है। अब एक सप्ताह से अधिक समय से न्यूनतम तापमान 10 से 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है, जबकि अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में आई गिरावट की वजह से रात से ही कड़ाके की ठंड का असर बन रहा है। ठंड के चलते सुबह के समय पार्कों में भी लोगों की मौजूदगी बेहद कम दिखने लगी है। ठंड के कारण दोपहर के समय पार्कों में धूप सेंकने वाले लोगों की भीड़ बढऩे लगी है।
किसान बोले-फसल के लिए ठंड लाभदायक
पिछले चार दिनों से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट के चलते रबी की फसलों को काफी लाभ हो रहा है। इससे पूर्व तापमान में अस्थिरता देखी गई थी, जिससे किसान परेशान थे। अब ठंड बढऩे के कारण किसान खुश हैं। किसानों का कहना है इसी तरह डेढ़ माह तक कड़ाके की ठंड पड़ती रही तो गेहूं की फसल की अच्छी पैदावार होगी।
सात दिन का तापमान
तारीख अधिकतम न्यूनतम
21 जनवरी 31.5 11.0
22 जनवरी 30.1 10.4
23 जनवरी 24.0 11.1
24 जनवरी 23.0 10.9
25 जनवरी 22.5 07.4
26 जनवरी 24.1 05.4
27 जनवरी 23.1 05.0
—————————

Home / Khandwa / ठंड से ठिठुरा खंडवा जिला, सालों का रिकॉर्ड टूटा

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो