खंडवा

ओंकारेश्वर में वीआईपी व्यवस्था बंद, दो लाख भक्तों के लिए बड़ी सुविधा, लगी लंबी कतार

Omkareshwar on Mahashivratri 2024 महाशिवरात्रि में ओंकारेश्वर में भक्तों की लंबी लाइन, सुबह 4 बजे से खुल गए पट

खंडवाMar 08, 2024 / 08:23 am

deepak deewan

सुबह 4 बजे से खुल गए पट

Omkareshwar on Mahashivratri 2024 महाशिवरात्रि पर्व पर उज्जैन के महाकाल मंदिर की तरह ओंकारेश्वर में भी ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए लाखों भक्त आए हैं। यहां रात से ही भक्तों की लंबी कतार लगी है। शिवरात्रि के दिन मंदिर के पट सुबह 4 बजे खोल दिए गए हैं और अब रात 3 बजे तक पट लगातार खुले रहेंगे। दूसरे दिन सुबह 4 बजे से पट फिर खुल जाएंगे।

ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंंग के दर्शन करने आनेवाले दर्शनार्थियों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। विशेष बात यह है कि मंदिर में महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में आमभक्तों को खास सुविधा दी गई है। यहां महाशिवरात्रि पर वीआईपी व्यवस्था बंद कर दी गई है, वीआईपी काउंटर बंद हैं। सभी लोगों को कतार में लगने पर ही दर्शन कराए जा रहे हैं।

महाशिवरात्रि पर इस साल करीब दो लाख भक्तों के ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए ओंकारेश्वर आने का अनुमान है। इन श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के पट 24 घंटे खोले रखने का निर्णय लिया गया है। महाशिवरात्रि पर्व पर शयनकाल आरती नहीं होगी। मंदिर रातभर खुला रहेगा।

श्रीजी मंदिर ट्रस्ट के व्यवस्थापक आशीष दीक्षित के अनुसार महाशिवरात्रि पर ओंकारेश्वर मंदिर के पट दिनभर खुले रहेंगे। भक्तों के लिए 24 घंटे दर्शन करने की सुविधा दी जा रही है। ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट द्वारा इस मौके मंदिर का फूलों से शृंगार किया किया है।

कई जगह भंडारे, शोभायात्राएं निकलेंगे
महाशिवरात्रि पर आज महानिर्वाणी अखाड़ा शोभायात्रा निकालेगा। महंत कैलाश भारती ने बताया कि इसमें सैकड़ों संत, संन्यासी शामिल होंगे। अन्नपूर्णा आश्रम द्वारा फलाहारी भंडारा आयोजित किया जाएगा। स्वामी सच्चिदानंद गिरी महाराज के अनुसार इंदौर के भक्त यह भंडारा करेंगे। मार्कंडेश्वर महादेव पर वैदिक विधि से रुद्राभिषेक होगा।

पुनासा के एसडीएम शिवम प्रजापति बताते हैं कि महाशिवरात्रि पर ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के पट 24 घंटे खुले रहेंगे। ट्रैफिक पर नियंत्रण रखा जा रहा है। वाहनों को नगर के अंदर नहीं आने दे रहे हैं इसलिए बाहर ही पार्किंग बनाई गई है। सुरक्षा कारणों से नावों का संचालन बंद रखा गया है।

ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में महाशिवरात्रि
— महाशिवरात्रि पर 24 घंटे खुला रहेगा ज्योतिर्लिंग मंदिर
— सुबह 4 बजे से खुल गए पट
— रात 3 बजे तक खुले रहेंगे मंदिर के पट
— महानिर्वाणी अखाड़ा निकालेगा शोभायात्रा
— मार्कंडेश्वर महादेव पर होगा रुद्राभिषेक
— महाशिवरात्रि पर भगवान ओंकारेश्वर को दोपहर में लगेगा मिष्ठान्न भोग
— 251 किलो पेड़ों का भोग लगाकर बांटा जाएगा प्रसाद

यह भी पढ़ें—weather update – कहां कहर ढाएगा चक्रवातीय पश्चिमी विक्षोभ, जानिए 10 मार्च तक कैसा रहेगा मौसम

Home / Khandwa / ओंकारेश्वर में वीआईपी व्यवस्था बंद, दो लाख भक्तों के लिए बड़ी सुविधा, लगी लंबी कतार

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.