scriptइंदिरा सागर के 12 गेट और ओंकारेश्वर बांध के 18 गेट खोलकर छोड़ रहे पानी, नर्मदा उफान पर, मोरटक्का पुल से रोका यातायात | omkareshwar dam Gate opens, Mortkka pul Closed, indore Route Divert | Patrika News
खंडवा

इंदिरा सागर के 12 गेट और ओंकारेश्वर बांध के 18 गेट खोलकर छोड़ रहे पानी, नर्मदा उफान पर, मोरटक्का पुल से रोका यातायात

इंदौर-इच्छापुर हाइवे पर मोरटक्का पुल से आवागमन रोक दिया। इससे इंदौर और खंडवा की ओर वाहनों की कतार लग गई। अब सिर्फ छोटे वाहन एक्वाडक्ट से गुजर सकेंगे।

खंडवाSep 09, 2019 / 02:54 am

राजीव जैन

mortakka pul

indira sagar dam

खंडवा. बरगी और तवा बांध के गेट खोलकर छोड़ा रहा पानी इंदिरासागर के बैकवॉटर में पहुंचने लगा है। इस कारण बांध का एक बार फिर जलस्तर बढ़ा है। अचानक बढ़े जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए प्रबंधन ने बांध के गेट खोले हैं। वहीं ओंकारेश्वर में भी नर्मदा उफान पर हैं। नर्मदा का जलस्तर बढ़ता देख प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से घाट सहित आसपास के क्षेत्र को खाली कराया है। साथ ही पानी के पास वाले क्षेत्रों की बिजली भी बंद कराई गई है। शाम 6 बजे तक इंदिरासागर बांध के गेट साढ़े तीन मीटर तक खोलकर पानी छोड़ा गया। वहीं शाम 7 बजे से इंदिरासागर बांध के 12 गेटों को साढ़े चार मीटर तक खोला गया है। वहीं सभी आठ टरबाइन भी चालू हैं। बांध से 14840 क्यूमेक्स पानी लगातार छोड़ा जा रहा है। इधर, यह पानी ओंकारेश्वर पहुंचने से नर्मदा में उफान की स्थिति बनी है। ओंकारेश्वर बांध का जलस्तर 192.98 मीटर पहुंच गया है। इसे नियंत्रित करने के लिए प्रबंधन ने 18 गेट और टरबाइन चालू कर पानी छोड़ा जा रहा है। इस समय बांध से 14361 क्यूमेक्स पानी डिस्चार्ज हो रहा है। इससे नर्मदा घाट जलमग्न हो गए हैं। मोरटक्का पुल से तीन फीट नीचे तक पानी आ गया। सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने रविवार रात करीब एक बजे इंदौर-इच्छापुर हाइवे पर मोरटक्का पुल से वाहनों का आवागमन रोक दिया। इससे इंदौर और खंडवा की ओर वाहनों की कतार लग गई। अब सिर्फ छोटे वाहन एक्वाडक्ट से गुजर सकेंगे। इससे महाराष्ट्र व खंडवा आने वाले वाहन फंस गए।
omkareshwar dam Gate opens, Mortkka pul Closed, indore Route Divert
IMAGE CREDIT: patrika
इस मार्ग से कर सकते आवागमन
खंडवा से बड़वाह, महेश्वर, धामनोद मार्ग का यातायात देशगांव से भीकनगांव, खरगोन, कसरावद, मंडलेश्वर, महेश्वर, धामनोद मार्ग से संचालित होगा। इसी तरह बड़वाह से खरगोन, भीकनगांव होते हुए देवगांव और खंडवा पहुंच सकते हैं।
लगाए बैरिकेड्स
इंदौर-इच्छापुर हाइवे स्थित नर्मदा पर बने मोरटक्का पुल पर वाहनों का आवागमन रोका गया है। दोनों तरफ बैरीकेड्स लगाए गए हैं। इससे खंडवा और इंदौर की ओर वाहनों की कतार लगी है। सुरक्षा के लिए पुलिस और प्रशासन का अमला मौके पर मौजूद है।
indira sagar dam
IMAGE CREDIT: patrika
सिस्टम फिर सक्रि य, आज ऑरेंज अलर्ट
खाड़ी में दबाव का क्षेत्र बनने के साथ ही मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। रविवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। वहीं दोपहर 3.30 बजे से रिमझिम बारिश का दौर शुरू हुआ जो देर रात कर चलता रहा। शनिवार को शहर का अधिकतम तामपान 29.1 डिग्री और न्यूनतम पारा 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं वातावरण में आद्र्रता 90 प्रतिशत रही। हवाएं आठ किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चली। मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती हवाओं का घेरा और कम दबाव का क्षेत्र बनने से मौसम बदला है। सिस्टम सक्रिय होने से खंडवा में जिले में भारी बारिश की संभावना बनी है। मौसम विभाग ने सोमवार को खंडवा सहित प्रदेश के अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दुकान और आश्रम से लोगों को निकाला
लगातार बढ़ रहे नर्मदा के जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने रविवार रात ओंकारेश्वर में अलर्ट जारी कर सुरक्षा बंदोबस्त शुरू किए। इस दौरान कुछ क्षेत्रों की बिजली बंद कराई गई। साथ ही घाटों के आसपास बनी दुकानें, मकान और आश्रम खाली कराए गए हैं। इनमें मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। सोमवार तक नर्मदा का जलस्तर और बढऩे की संभावना है। क्योंकि बरगी और तवा बांध से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है, जो इंदिरासागर से होते हुए ओंकारेश्वर पहुंच रहा है। ऐसे में ओंकारेश्वर बांध का जलस्तर नियंत्रण में रखने के लिए बांध के 23 गेट भी खोले जा सकते हैं।
Omkareshwar Dam Madhya pradesh
IMAGE CREDIT: patrika
बांधों की स्थिति
इंदिरासागर बांध
बांध का जलस्तर- 261.85 मीटर
खोले गए गेट- 12
छोड़ा जा रहा पानी- 14840 क्यूमेक्स

ओंकारेश्वर बांध…
बांध का जलस्तर- 192.98 मीटर
खोले गए बांध के गेट- 18
छोड़ा जा रहा पानी- 14361 क्यूमेक्स

Home / Khandwa / इंदिरा सागर के 12 गेट और ओंकारेश्वर बांध के 18 गेट खोलकर छोड़ रहे पानी, नर्मदा उफान पर, मोरटक्का पुल से रोका यातायात

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो