scriptनहीं खुले नलों के वॉल्व, गहराया जल संकट | Valves of taps not open, water crisis deepens | Patrika News
खंडवा

नहीं खुले नलों के वॉल्व, गहराया जल संकट

इधर चारखेड़ा से सप्लाय हुई शुरू, उधर विश्वा के कर्मचारी हड़ताल पर-इपीएफ और कलेक्टर रेट से वेतन देने की मांग, नहीं खोले वॉल्व-शहर में तीसरे दिन भी जारी रहा जल संकट, पानी के लिए हुए लोग परेशान

खंडवाMay 26, 2022 / 01:18 pm

मनीष अरोड़ा

नहीं खुले नलों के वॉल्व, गहराया जल संकट

खंडवा. शहर के सन्मति नगर में टैंकर से हुआ जल प्रदाय।

खंडवा.
नर्मदा जल की बुधवार को चारखेड़ा से सप्लाय सूचारू हुई तो विश्वा कंपनी के कर्मचारी हड़ताल पर बैठ गए। जिसके चलते जल सप्लाय के वॉल्व भी नहीं खुल पाए। इस कारण लगातार तीसरे दिन शहर में पेयजल व्यवस्था चरमरा गई। पानी के लिए लोग परेशान होते रहे। हड़ताल पर बैठे विश्वा कंपनी के कर्मचारियों का कहना था कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक वे हड़ताल पर रहेंगे।
सोमवार दोपहर को चारखेड़ा फिल्टर प्लांट पर ट्रांसफार्मर जलने से नर्मदा जल प्रदाय बंद करना पड़ा था। इसके बाद मंगलवार सुबह आशापुर के पास किसी ने पाइप लाइन फोड़ दी थी। शाम को सुधार कार्य कर पंप चालू किए गए। खंडवा सिविल लाइन संपवेल तक पानी पहुंचा ही था कि नर्मदा जल का कार्य देख रही विश्वा यूटिलिटिज के कर्मचारियों ने बुधवार सुबह हड़ताल कर दी। सिविल लाइन संपवेल परिसर में कर्मचारी हड़ताल पर बैठ गए। कर्मचारी जितेंद्र यादव ने बताया कि कंपनी में करीब 40 कर्मचारी है, जो पिछले 8 से 10 साल से कार्यरत है। कंपनी द्वारा न तो उनका इपीएफ काटा जा रहा है, न ही पूरा वेतन दिया जा रहा है। कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें कलेक्टर रेट से वेतन दिया जाए और नियमित किया जाए। साथ ही हमारा पीएफ भी दिया जाए।
कई क्षेत्रों में तीसरे दिन भी नहीं बंटा पानी
विश्वा कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर में तीसरे दिन भी जल व्यवस्था गड़बड़ाई रही। कर्मचारियों के वॉल्व नहीं खोलने से कई क्षेत्रों में पानी नहीं पहुंच पाया। शहर के कई क्षेत्रों में एक बार फिर टैंकरों के भरोसे जल प्रदाय व्यवस्था रही। झीलोद्यान, लाल चौकी, सिविल लाइन पंप पर टैंकरों के लिए लोग दौड़ लगाते रहे। सुबह से शिकायत दर्ज कराने के बाद देर शाम तक क्षेत्र में टैंकर पहुंचे। सबसे ज्यादा परेशानी उन क्षेत्रों में हुई जहां सोमवार को जल प्रदाय होना था, लेकिन नहीं हो पाया। वहां रोस्टर के अनुसार बुधवार को जल सप्लाय किया जाना था, वहां तीसरे दिन भी जल प्रदाय नहीं हुआ।
नियमानुसार ही कार्य होगा
कर्मचारियों की मांग पर कंपनी द्वारा विचार किया जा रहा है। सारा कार्य नियमानुसार ही होता है। वॉल्व खोलने के लिए हम स्वयं भी लगे रहे, शहर में जल संकट जैसी स्थिति नहीं बनने देंगे।
देवेंद्र सिंह, मैनेजर विश्वा यूटिलिटिज
आज से सूचारू हो जाएगी व्यवस्था
कर्मचारियों को समझाइश दी गई है। कुछ क्षेत्रों में जरूर पानी की परेशानी रही, लेकिन टैंकर से पानी सप्लाय किया गया। शहर में गुरुवार से जल प्रदाय व्यवस्था सूचारू हो जाएगी।
अंतरसिंह तंवर, कार्यपालन यंत्री नगर निगम

Home / Khandwa / नहीं खुले नलों के वॉल्व, गहराया जल संकट

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो