scriptबस ने तीर्थयात्रियों की कार को मारी टक्कर 11 घायल, दो गंभीर | Road Accident News in Khargone | Patrika News
खरगोन

बस ने तीर्थयात्रियों की कार को मारी टक्कर 11 घायल, दो गंभीर

बड़वाह के समीप उमरिया चौकी के पास हुआ एक्सीडेंट, इंदौर-इच्छापुर हाइवे पर लगातार हो रही दुर्घटनाएं

खरगोनJun 28, 2022 / 04:33 pm

हेमंत जाट

Road Accident News in Khargone

बस ने तीर्थयात्रियों की कार को मारी टक्कर

बड़वाह/ खरगोन.
नगर से करीब सात किलोमीटर दूर इंदौर मार्ग पर एक तेजगति से दौड़ रही बस ने कार को टक्कर मार दी। यह घटना सोमवार सुबह की है। बस चालक ने सड़क पर आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में सामने से आ रहे ओंकारेश्वर तीर्थ यात्रियों से भरे ईको वाहन को जोरदार टक्कर मारी। इसमें कार सवार बच्चे, महिलाएं सहित 11 लोग घायल हो गए। उन्हें बड़वाह सिविल अस्पताल भेजा गया। यहां से दो को इंदौर रेफर किया गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह दब गया। कार चला रहे ड्राइवर व उनके पीछे बैठी एक महिला बुरी तरह से फंस गई। मौके पर मौजूद लोगों ने करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद गेट तोड़कर ड्राइवर को किसी तरह बाहर निकाला। पीछे की सीट तोड़कर महिला को वाहन से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें बड़वाह के सिविल अस्पताल भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शी श्रवण दांगी ने बताया इको वाहन इंदौर से बड़वाह की ओर जा रहा था। जबकि शर्मा बस बड़वाह से इंदौर की ओर जा रही थी। मनिहार के पास मोड़ पर तेज गति से बस चालक ने ओवरटेक के दौरान सामने से ईको वाहन को टक्कर मार दी। कार में बैठे यात्री चीखने लगे। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। ड्राइवर उसमें बुरी तरह फंस गया। जिसके बाद लोगों ने दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला।
महू से दर्शन के लिए आए थे

महू से ओंकारेश्वर दर्शन के लिए जा रहे थे सभी ईको में बैठे घायल आदित्य ने बताया कि सोमवार सुबह महू से ओंकारेश्वर दर्शन के लिए निकले थे। हमारा वाहन नार्मल स्पीड में था। बस बहुत तेज थी। ओवरटेक के दौरान बच्चों से भरे टेम्पो को बचाने में उसने हमें टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में घायल ड्राइवर दुर्गेश शलखराम खन्नारे एवं लालतीदेवी को गंभीर अवस्था में इंदौर रेफर किया गया है। जबकि ईको वाहन में बैठे सुरेंद्र पांडे, विष्णु पांडे, लालती देवी, मीनू पांडे, सुधा त्रिपाठी, अंश पांडे, इसिता पांडे, आदित्य त्रिपाठी, शिखा त्रिपाठी, शरद पांडे का उपचार सिविल अस्पताल बड़वाह में चल रहा है।

सप्ताहभर में चौथी घटना
इंदौर-इच्छापुर हाइवे पर हादसों का सिलसिला रूकने का नाम नहीं ले रहा है। यहां सप्ताहभर में बस दुर्घटना की यह चौथी घटना है। वहीं तीन-चार दिन पूर्व चोरल घाट में बस के अनियंत्रित होकर पलटने से छह लोगों की मौत हो गई थी।

Home / Khargone / बस ने तीर्थयात्रियों की कार को मारी टक्कर 11 घायल, दो गंभीर

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो