scriptपश्चिम बंगाल मे नशीला चाय-बिस्कुट खिलाकर 2 रेलयात्रियों को लूटा | 2 passenger drugeed and looted in west bengal | Patrika News
कोलकाता

पश्चिम बंगाल मे नशीला चाय-बिस्कुट खिलाकर 2 रेलयात्रियों को लूटा

डाउन कालका ट्रेन में हुई वारदात

कोलकाताJan 13, 2018 / 07:19 pm

Vanita Jharkhandi

kolkata
कोलकाता
ट्रेन में नशीले चाय- बिस्कुट खिलाकर दो रेलयात्रियों को लूटे जाने का मामला सामने आया है। घटना डाउन कालका मेल ट्रेन की है। सूत्रों के अनुसार शनिवार की तड़के ट्रेन के दुर्गापुर स्टेशन पहुंचने पर जांच के दौरान रेलवे पुलिस के जवानों ने एक ही कोच में दो व्यक्तियों को बेहोशी की हालत में पाया। दोनों को दुर्गापुर महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें नशीली दवा देकर बेहोश किया गया है। दोनों के होश में आने के बाद पुलिस को पता चला कि उन्हें किसी अज्ञात व्यक्ति ने अपने भरोसे में लेकर नशीला चाय-बिस्कुट खिलाया। उनका बहुमूल्य सामान लूट लिया। पीडि़तों में से एक जने सीआईएसएफ जवान अवनीश कुमार है। वह उत्तरप्रदेश का रहने वाला है। उसने पुलिस को बताया कि सफर के दौरान एक युवक उनके पास आकर बैठा था। दोनों आपस में घुलमिल गए थे। युवक ने अवनीश को चाय और बिस्कुट खाने को दिया था। जिसके बाद वह युवक कहीं चला गया। उसने बताया कि चाय-बिस्कुट खाते ही उसे नींद आ गई और वह सो गया। उसकी आंख खुली तो उसने अपने-आप को अस्पताल में पाया। अवनीश ने बताया कि उसकी घड़ी, गले की चेन और हाथ की अंगूठी के साथ सारा सामान गायब है।
वहीं दूसरे पीडि़त का नाम सोनु कुमार रवानी है। वह धनबाद निवासी व्यवसायी है। वह अपने कार्य के सिलसिले में कोलकाता आ रहा था। उन्होंने बताया कि उनके साथ भी अविनाश जैसी ही घटना घटी। सोनु ने अज्ञात युवक का दिया एक बिस्कुट खाया और गहरी नींद में सो गया। गिरोह का सदस्य उसका बैग, हाथ की घड़ी और गले से सोने का चेन, जेब में हजारों रुपए की नकदी भी ले गया। वे भी गायब है। दोनों ने पुलिस के पास इसकी शिकायत दर्ज कराई है। चलती ट्रेन में हुई इस घटना ने रेलवे पुलिस की सक्रियता व सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। रेलवे पुलिस की तरफ से घटना की जांच की जा रही है।

Home / Kolkata / पश्चिम बंगाल मे नशीला चाय-बिस्कुट खिलाकर 2 रेलयात्रियों को लूटा

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो