कोलकाता शहीद सभा में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी की ओर से अगले साल 19 जनवरी को भाजपा विरोधी दलों की ब्रिगेड सभा की घोषणा के तुरन्त बाद भाजपा ने ताल ठोंकते हुए 23 जनवरी को ब्रिगेड परेड मैदान में सभा करने की घोषणा की। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने कहा कि ममता को माकूल जवाब देने के लिए प्रदेश भाजपा पूरी तरह से तैयार है। अगले साल 19 जनवरी को ममता बनर्जी की ब्रिगेड सभा के जवाब में चार दिन बाद 23 जनवरी को भाजपा भी ब्रिगेड परेड मैदान में सभा करेगी। उस रैली में संभवत: पीएम मोदी मुख्य वक्ता होंगे। सिन्हा ने कहा कि ममता बनर्जी देश की अगली प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रही हैं। लेकिन दिल्ली अभी दूर है। ममता पहले बंगाल को संभाले फिर दिल्ली के तख्त पर बैठने के बारे में सोचे। उनका यह सपना पूरा नहीं होगा।
– भाजपा से डर गई हैं ममता
राहुल सिन्हा ने कहा कि वास्तव में ममता बनर्जी भाजपा से डर गई हैं। शहीद सभा में उनके भाषण में उनका निशाने पर सिर्फ भाजपा रही है। उन्होंने स्वीकार कर लिया कि बंगाल में भाजपा उनकी मुख्य प्रतिद्वंद्वी हैं। भाजपा चाहती थी कि फेडरल फ्रंट बने और धु्रवीकरण हो। ममता बनर्जी ने आगामी 19 जनवरी की अपनी घोषित ब्रिगेड रैली मंच पर विपक्षी दलों को आमंत्रित करने की घोषणा कर इसकी पहल कर दी है। इससे भाजपा को फायदा होगा। ममता बनर्जी हमरे खिलाफ सारे विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश कर रही हैं। लेकिन देश की जनता ने शुक्रवार को संसद में विपक्षी दलों के अविश्वास प्रस्ताव का नतीजा देख लिया है। देश की जनता पीएम मोदी और उनकी नीतियों के समर्थन में हैं।